आरजीपीवी हॉस्टल सुसाइड केस: वार्डन पर वीडियो बनाकर छात्रा को डराने के आरोप

आरजीपीवी हॉस्टल सुसाइड केस: वार्डन पर वीडियो बनाकर छात्रा को डराने के आरोप
भोपाल, यशभारत। गांधी नगर स्थित यूआईटी-आरजीपीवी के गर्ल्स हॉस्टल में बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा सव्याश्री मुनागला की आत्महत्या का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद कॉलेज कैंपस में तनाव का माहौल है। जहां एक ओर छात्र इसे वार्डन द्वारा मानसिक प्रताड़ना का मामला बता रहे हैं, वहीं कॉलेज प्रबंधन इसे छात्रा की अनुशासनहीनता और वार्डन की कर्तव्यनिष्ठा से जोड़कर देख रहा है।
सीनियर छात्रों का आरोप: वीडियो बनाकर परिजनों को भेजा
छात्रा के सीनियर आर्यमन देशमुख और समीर शुक्ला ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों का दावा है कि सव्याश्री को वार्डन ने एक युवक के साथ देख लिया था, जिसके बाद वार्डन ने कथित तौर पर उसका वीडियो शूट किया। आरोप है कि यह वीडियो छात्रा के परिजनों को भेज दिया गया और उसे पूरे कॉलेज में बदनाम करने की धमकी देकर फटकार लगाई गई। बदनामी के डर और मानसिक तनाव के कारण सव्याश्री ने आत्मघाती कदम उठाया।
मिली जानकारी के अनुसार हॉस्टल स्टाफ ने स्वीकार किया कि छात्रा को परिसर में एक युवक के साथ देखा गया था और वह उस वक्त काफी डरी हुई थी। स्टाफ के मुताबिक, सव्याश्री रो रही थी और गिड़गिड़ा रही थी कि घर वालों को न बताया जाए। हालांकि, स्टाफ ने वीडियो बनाने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ उसे पढ़ाई पर ध्यान देने की समझाइश दी थी।
टीआई विजेंद्र मर्सकोले के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मोबाइल और लैपटॉप की जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी कि क्या वाकई कोई वीडियो बनाया गया था या छात्रा को ब्लैकमेल किया जा रहा था।
छात्रा सव्याश्री मुनागला (19) मध्य प्रदेश के धार जिले की रहने वाली थी। वह आरजीपीवी से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रही थी। बुधवार रात डिनर के बाद वह अपने कमरे में गई और गुरुवार दोपहर उसका शव फंदे से लटका मिला।







