जंगल में बकरी चराने गए ग्रामीणों पर हमला, अज्ञात बदमाश बकरियां लूटकर फरार

शाहनगर, यशभारत। शाहनगर थाना अंतर्गत ग्राम धौवापुरा के जंगल में बकरी चराने गए ग्रामीणों के साथ मारपीट कर बदमाशों द्वारा बकरियां लूट ले जाने का मामला सामने आया है। घटना में पीडि़तों को गंभीर चोटें आई हैं, वहीं हमलावर जंगल की ओर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार ग्राम धौवापुरा निवासी गजराज सिंह गौड एवं उनके साथी बुद्धू सिंह गौड 18 जनवरी की सुबह 10 बजे बकरियां लेकर जंगल क्षेत्र धौवापुरा हार गए थे। दोपहर 1 बजे जब दोनों जंगल में बकरियां चरा रहे थे, तभी तीन अज्ञात व्यक्ति डंडे लेकर आए और हमला कर दिया। हमलावरों ने गजराज सिंह के सिर व पखवाड़े पर डंडों से वार किए, जबकि बुद्धू सिंह को पकडक़र लाठियों से पीटा गया। मारपीट के बाद बदमाशों ने गमछा और तौलिया फाडक़र दोनों ग्रामीणों के हाथ पैर बांध दिए और पास के नाले में पटक दिया। मौके पर मौजूद गांव के एक चरवाहे व दो महिलाओं के हाथ.पैर भी बांध दिए गए। इसके बाद बदमाश पीड़ितों की कुल 15 बकरियां, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई जा रही हैए को जबरन हांकते हुए जंगल की ओर ले गए। कुछ देर बाद महिलाओं की मदद से सभी पीडि़तों को मुक्त कराया गया। घटना के बाद घायल ग्रामीण किसी तरह अपने घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। बाद में शाहनगर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने पीड़ितों की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) व 309(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पीड़ितों ने दावा किया है कि सामने आने पर वे आरोपियों और अपनी बकरियों की पहचान कर सकते हैं। जंगल क्षेत्र में इस तरह की वारदात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस जल्द खुलासे का दावा कर रही है।







