भोपालमध्य प्रदेश

छात्रा को एसिड अटैक की धमकी देने वाले युवक को छात्रों ने चाकू से गोदा, अधमरा कर सड़क पर फेंका

छात्रा को एसिड अटैक की धमकी देने वाले युवक को छात्रों ने चाकू से गोदा, अधमरा कर सड़क पर फेंका

बिलखिरिया के बंसल कॉलेज के बाहर की घटना; युवती से जबरदस्ती कर रहा था मंडीदीप का युवक, शोर मचने पर भड़का छात्रों का गुस्सा।

भोपाल, यशभारत। राजधानी के बिलखिरिया थाना क्षेत्र स्थित बंसल कॉलेज के बाहर गुरुवार दोपहर सनसनीखेज वारदात हुई। एक छात्रा को जबरन साथ ले जाने की कोशिश और उसे एसिड अटैक की धमकी देने वाले युवक की कॉलेज के छात्रों ने जमकर धुनाई कर दी। गुस्साए छात्रों ने युवक पर चाकू से भी हमला किया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क किनारे गिर पड़ा। सूचना मिलने पर पहुंची 108 एम्बुलेंस ने घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान मंडीदीप निवासी लक्की अहिरवार के रूप में हुई है। वह गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे बंसल कॉलेज की एक छात्रा से मिलने पहुंचा था। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, लक्की छात्रा पर जबरन अपने साथ चलने का दबाव बना रहा था। जब छात्रा ने इनकार किया, तो उसने सरेराह उसके साथ झूमाझटकी शुरू कर दी और शोर मचाने पर चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दी।

गुस्साए छात्रों ने हाथ में लिया कानून छात्रा को मुसीबत में देख और एसिड अटैक की धमकी सुनते ही वहां मौजूद अन्य छात्र भड़क गए। छात्रों के समूह ने लक्की को घेर लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान किसी ने उसके पेट में चाकू से वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी युवक सड़क किनारे बेसुध पड़ा रहा और हमलावर छात्र मौके से फरार हो गए। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक तड़पता हुआ दिखाई दे रहा है।

इनका कहना है कि
अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल किसी भी पक्ष से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस कॉलेज के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावर छात्रों की पहचान की जा सके। वहीं, छात्रा और उसके परिजनों से भी संपर्क साधा जा रहा है।

बिलखिरिया थाना प्रभारी -उमेश चौहान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button