बर्फीली हवाओं की चपेट में मध्यप्रदेश; खजुराहो में पारा 3.4°C पहुंचा, ग्वालियर-चंबल में कोल्ड डे का अलर्ट

बर्फीली हवाओं की चपेट में मध्यप्रदेश; खजुराहो में पारा 3.4°C पहुंचा, ग्वालियर-चंबल में कोल्ड डे का अलर्ट
भोपाल, यशभारत। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने मध्यप्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं, जहां दिन में भी धूप बेअसर साबित हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए कई जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।
खजुराहो रहा सबसे ठंडा, महानगरों में ग्वालियर अव्वल
बीते 24 घंटों में छतरपुर जिले का खजुराहो प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 3.4°C पर आ गया। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में रात का पारा 5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है।
कोहरे की चादर में लिपटे 15 जिले, थमी रफ्तार
शनिवार सुबह ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड के 15 से अधिक जिलों में घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी कम होने के कारण सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दिल्ली की ओर से आने वाली मालवा एक्सप्रेस, पंजाब मेल और सचखंड एक्सप्रेस जैसी एक दर्जन से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे देरी से चल रही हैं।
इन जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी प्रदेश के तापमान में गिरावट जारी रहेगी। दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में दिनभर कड़ाके की ठंड और ठिठुरन रहेगी, जिसके लिए विभाग ने विशेष अलर्ट जारी किया है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में भी रातें
और अधिक सर्द होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का सीधा असर मध्यप्रदेश के मैदानी इलाकों पर पड़ रहा है। अगले 48 घंटों तक शीतलहर और कोहरे की स्थिति बनी रहने के आसार हैं।
प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान:
दतिया: 3.9°C
शिवपुरी: 4.0°C
राजगढ़: 5.0°C
भोपाल: 8.0°C
इंदौर: 9.4°C







