अवैध शराब बिक्री के खिलाफ फिर फूटा महिलाओं का गुस्सा, गांव में शराब बिक्री बंद कराने महिला सरपंच के नेतृत्व में महिलाओं ने किया प्रदर्शन

कटनी, यशभारत। बरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुंदरेही में शराब तथा गांजा की अवैध बिक्री के खिलाफ महिला सर्प5सहित गांव की महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। आज महिलाओं ने अपने हाथ में शराब की बोतल लेकर एसपी ऑफिस के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्राम पंचायत कुंदरेही की सरपंच माया बाई चौधरी ने कहा कि गांव में पिछले कई वर्षों से खुलेआम शराब की बिक्री हो रही है। जिसके कारण गांव में छोटे-छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शराब तथा गाँजा के आदि होते जा रहे हैं। शराब के नशे में धुत होकर असामाजिक तत्व महिलाओं के साथ अभद्रता करते हैं। जिससे गाँव का माहौल खराब तो होता ही है साथ ही गाँव में हर जगह शराबी देर रात तक घूमते हैं एवं स्कूल के रास्ते में भी शराब पीकर बोतल फोड़ी जा रही है तथा बच्चिर्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है जिससे बच्चियों स्कूल जाने से डरती है और घर मे आए दिन रोती हुई आती हैं। जिसके चलते आक्रोशित होकर महिलाओं ने शराब बिक्री के खिलाफ रैली निकाली थी लेकिन अभी तक गाँव में शराब की बिक्री बंद नहीं हुई है और अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई, जिससे शराब माफिया का मनोबल बढ़ता जा रहा है। एसपी को दिए गए ज्ञापन में महिलाओं ने अवैध शराब का धंधा करने वालों के नाम भी बताए हैं। महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि ग्राम कुंदरेही में बच्चों के भविष्य को देखते हुये अवैध शराब तथा गाँजा की बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया जाए। इस अवसर पर सरोज बाई, रश्मि, संध्या, संतूर, भूरी बाई, सुमित्रा, गायत्री, संगीता, राधा बाई, निशा, हीरालाल, राजेश, सुशील, गीता बाई, अशोक सहित बड़ी संख्या में ग्राम के लोगों की उपस्थिति रही।







