रिछाई में फैक्ट्री कर्मी युवती की हत्या,शादी टूटने पर मंगेतर ने किया प्राणघातक हमला
आरोपी साहिल रजक और उसके साथी की तलाश ज़ारी

जबलपुर,यशभारत। रिछाई क्षेत्र में फैक्ट्री में काम करने वाली 19 वर्षीय युवती रिचा रजक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार रिचा पर प्राणघातक हमला साहिल रजक द्वारा किया गया, जो घटना के समय अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पर पहुंचा था। पुलिस ने बताया कि गुरुवार शाम जब रिचा फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रही थी, तभी साहिल रजक ने रास्ते में उसे रोककर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में रिचा गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान युवती की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
जांच में सामने आया है कि रिचा की शादी पहले साहिल रजक से तय हुई थी, जो बाद में टूट गई थी। इसी रंजिश के चलते साहिल द्वारा वारदात को अंजाम देने की बात पुलिस जांच में सामने आई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी वारदात से पहले रिचा की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था और मौके का फायदा उठाकर हमला किया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी साहिल रजक और उसके साथी की तलाश तेज कर दी है। घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।








