ऑटो का इंतजार कर रही महिला से मोबाइल लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

ऑटो का इंतजार कर रही महिला से मोबाइल लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
भोपाल, यश भारत। राजधानी के रातीबड़ थाना क्षेत्र में एक कामकाजी महिला से मोबाइल लूटने की वारदात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों को बिलकिसगंज इलाके से धर दबोचा।
कॉल आते ही झपट्टा मारकर भागे बदमाश
पुलिस के अनुसार, कविता झा (37), जो नीलबड़ में एक निजी संस्थान में कार्यरत हैं, मंगलवार रात करीब 8 बजे ड्यूटी खत्म कर घर लौटने के लिए राजोरिया होटल के पास ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। जैसे ही उन्होंने बात करना शुरू किया, घात लगाकर बैठे एक युवक ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया और शोर मचाने पर पास ही बाइक स्टार्ट कर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज
वारदात के बाद पीड़िता तुरंत रातीबड़ थाने पहुंचीं और एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज में बदमाशों की बाइक और उनके भागने की दिशा (बिलकिसगंज रोड) की पुष्टि हो गई।
ढाबे पर खत्म हुआ लुटेरों का डिनर
पुलिस की टीम ने पीछा करते हुए बिलकिसगंज इलाके की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान पुलिस को एक ढाबे के बाहर संदिग्ध बाइक खड़ी दिखी। जब पुलिस अंदर पहुंची, तो वहां दो युवक आराम से खाना खा रहे थे। हुलिए के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना नाम रोहित जाट और गणेश जाट बताया। सख्ती बरतने पर आरोपियों ने मोबाइल लूट की बात स्वीकार कर ली।






