जबलपुरमध्य प्रदेश

विजयनगर- ITI को कुछ जोड़ने वाली एकमात्र सड़क पर अतिक्रमण और बेलगाम ट्रैफिक

सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण दिन भर लगा रहता है जाम

जबलपुर,यश भारत। महाराजा अग्रसेन वार्ड अंतर्गत स्थित आकाश विहार कॉलोनी से होकर गुजरने वाली सड़क कटंगी पाटन और आईटीआई के लोगों को विजयनगर से जोड़ने वाली एकमात्र लिंक रोड है जबलपुर की जीवनरेखा बन चुकी है। कटंगी और पाटन रोड से विजयनगर की ओर आने वाले हजारों वाहन इसी सड़क से सीधे निकलते हैं। यही नहीं, विजयनगर के साथ-साथ यह सड़क एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों को जोड़ती है, जिससे इस पर दिनभर भारी ट्रैफिक दबाव बना रहता है। इस महत्वपूर्ण मार्ग पर अतिक्रमण की समस्या सबसे गंभीर है। सड़क किनारे दुकानों, ठेलों और अस्थायी कब्जों के कारण सड़क की चौड़ाई लगातार सिमटती जा रही है। परिणामस्वरूप सुबह से देर रात तक जाम की स्थिति बनी रहती है।

दिन भर धूल का गुबार

स्कूल जाने वाले बच्चे, नौकरीपेशा लोग, बुजुर्ग और मरीज सबसे अधिक प्रभावित हैं। कई बार जाम के कारण एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन भी समय पर नहीं निकल पाते। भारी ट्रैफिक और सड़क की खराब स्थिति के चलते पूरे क्षेत्र में धूल का गुबार उड़ता रहता है। इससे लोगों में सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। नियमित सफाई के अभाव में सड़क किनारे कचरे के ढेर लगे रहते हैं, जिससे बदबू और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है।

दीनदयाल चौक पर बढ़ रहा ट्रैफिक का दबाव

आकाश विहार कॉलोनी से होकर गुजरने वाली सड़क के सकरी होने के कारण दीनदयाल चौक पर लगातार ट्रैफिक दबाव बढ़ता जा रहा है। इस सड़क पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिसके चलते विजयनगर की ओर जाने वाली गाड़ियां यहां से न जाकर पहले दीनदयाल चौक की ओर मुड़ जाती हैं। इसके बाद वाहन एसबीआई चौक होते हुए विजयनगर पहुंचते हैं। ऐसे में विजयनगर जाने वाले वाहनों का पूरा ट्रैफिक लोड दीनदयाल चौक की तरफ चला जाता है, जिससे वहां भी जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। दिन के अधिकांश समय दीनदयाल चौक पर वाहनों की लंबी कतारें देखी जा सकती हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

जन प्रतिनिधि खामोश

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इस सड़क की महत्ता से जनप्रतिनिधि और नगर निगम अधिकारी पूरी तरह अवगत हैं, इसके बावजूद अतिक्रमण हटाने, ट्रैफिक नियंत्रण और सड़क सुधार की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। बार-बार शिकायतों के बाद भी केवल आश्वासन ही दिए जा रहे हैं। रहवासियों ने मांग की है कि इस मार्ग से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए, ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त की जाए, सड़क की मरम्मत कर धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button