कल विधायक निवास के बाहर घंटा बजाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता, इंदौर में दूषित जल पीने से मौत के मामले में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की निंदा

कटनी, यशभारत। इंदौर में भाजपा शासित नगर पालिक निगम द्वारा सप्लाई किये गए मल मूत्र युक्त गंदा पानी पीने से 14 लोगों की मौत को लेकर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस ने कहा है कि इतनी मौतों और 2800 व्यक्तियों के बीमार होने से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा पत्रकार के प्रश्न के जवाब में अशोभनीय टिप्पणी “घंटा” का उपयोग करना अमानवीयता और निरंकुशता की निशानी है।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा है कि केन्द्र की मोदी सरकार और प्रदेश की मोहन सरकार सत्ता के मद में चूर है। इनको जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष माननीय श्री जीतू पटवारी के निर्देशानुसार निर्णय लिया गया हे कि इस अमानवीय व्यवहार के विरोध में कल 4 जनवरी को भाजपा के सांसद और विधायकों के निवास के सामने घंटा बजाकर विरोध प्रदर्शन किया जायेगा। जहां भाजपा के विधायक नहीं हैं वहां भाजपा के विधानसभा प्रत्याशी के घर के सामने यह प्रदर्शन किया जायेगा। उन्होंने समस्त कांग्रेस जनों से आग्रह किया है कि ‘घंटा’ विरोध प्रदर्शन में शामिल हो ।








