विशेष : 2026 में मिलेगा नर्मदा जल, सोने का खनन भी, कलेक्टर आशीष तिवारी की यशभारत के साथ खास बातचीत

कटनी, यशभारत। जनसुनवाई में लोग आना बंद कर दें तो यह मान लीजिए सुशासन आ चुका है। सुशासन का यह मतलब है कि लोगों की समस्याएं बिना कार्यालय आए, जिस क्षेत्र में है, वहीं हल हो जाएं। इसी को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को लोगों की शिकायतोंं के निराकरण के लिए कहा जाता है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने यह बात यशभारत प्राइम टाइम विथ आशीष शुक्ला कार्यक्रम में यशभारत के स्थानीय संपादक आशीष सोनी, पत्रकार आशीष रैकवार एवं पत्रकार संजय खरे से बातचीत करते हुए कही। कटनी में काम करने के लिए अच्छा स्कोप है। अभी यहां बहुत कुछ करने की जरूरत है। कई योजनाओं को पूरा कराया जाना है। समय-सयय पर इसकी मॉनीटरिंग की जाती है। कई योजनाओं पर काम चल रहा है। माइनिंग कान्क्लेव से भी विकास के रास्ते खुले हैं। बरगी नहर की पानी भी जल्द मिलेगा। उम्मीद करता हूं कि नए साल 2026 में ये काम कम्पलीट हो जाएंगे और जिले के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। खास तौर पर बरगी नहर इसमे शामिल है।
सवाल : कटनी में जब आपने ज्वाइन किया, तो निश्चित चुनौतियां रहीं होंगी। ऐसे कौन से 5 काम हैं, जिन पर आपने फोकस किया।
जबाव : मैने जब चार्ज लिया, तब मेरी प्राथमिकता शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि से संबंधित विषय और राजस्व के साथ ही औद्योगिक विकास पर काम करना शुरू किया। जिले में उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार कर सकें, ऐसे प्रयास किए गए। अभी समय कम हुआ है, पर जितना आगे बढ़ सकते थे, उतना बढ़े हैं। आगामी समय में अच्छे परिणाम आएंगे।
सवाल : कटनी में स्लीमनाबाद के पास सोने के भंडार की जानकारी मिली है, इसके खनन के लिए सरकार के स्तर पर क्या प्रयास चल रहे हैं।
जबाव : जब एग्रीमेंट हो जाता है, तब सबसे पहले भू-प्रवेश की अनुमति दी जाती है। माइंस एंड मिनरल्स रेगुलेशन एक्ट के अंतर्गत मेरे कोर्ट में कार्रवाई चल रही है। इसमे 90 दिन की समय सीमा होती है। उम्मीद है कि एक डेढ़ महीने के भीतर इसमे अनुमति देकर हम काम शुरू करा देंगे।
सवाल : बरगी प्रोजेक्ट कब तक कम्प्लीट होगा और कटनी समेत अन्य क्षेत्र को कब तक नर्मदा जल का लाभ मिल सकेगा।
जबाव : मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि कटनी समेत मैहर, सतना और रीवा जिलों के क्षेत्र में 500 मीटर से भी कम सुरंग काम बचा है। मैने निरीक्षण भी किया है और तकनीकी कोई समस्या भी नहीं है। बरगी नहर निर्माण के लिए जो घर खाली होने थे, वो खाली हो चुके हैं और आधे घर के नीचे से सुरंग निकल भी चुकी है। स्लीमनाबाद टाउन के नीचे खनन का काम चल रहा है। आगामी 31 जनवरी तक टनल का काम पूरा हो जाएगा। आशा करता हंू कि 2026 में नहर का काम पूरा हो जाएगा। राइट बैंक केनाल के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया 95 प्रतिशत तक पूरी हो चुकी है। जिससे विजयराघवगढ़ क्षेत्र के खेतों को पानी पहुंच सकेगा। भू-अर्जन के बाद पजेशन 100 प्रतिशत तक दिला दिया है। न केवल सुरंग बल्कि नीचे की मशीनरी भी तैयार है। यह वर्ष कटनी जिले खासकर विजयराघवगढ़ के किसानों के लिए बहुत सुखद होगा। उन्हें भरपूर पानी मिलेगा।
सवाल : लगातार जनसुनवाई के बावजूद शिकायतें कम नहीं हो रही हैं। इसको और प्रभावी बनाने के लिए क्या प्लान है।
जबाव : सुशासन का यह मतलब होता है कि लोगो की समस्याएं बिना कार्यालय आए, जिस क्षेत्र में है, वहीं हल हो जाएं। मैने अधिकारियों के साथ बैठक में यही कहा है कि जनसुनवाई में लोग आना बंद कर दें तो मान लीजिए सुशासन आ चुका है। क्योंकि जिसकी जो जिम्मेदारी है, उसने पूरी कर दी है। जनसुनवाई की लगातार मॉनीटरिंग करते हैं और समस्याओं को टीएल पर लगाता हंू और सामूहिक रूप से उस पर चर्चा भी होती है। कई बार कई काम नियमों के दायरे में संभव नहीं हो पाते तो ऐसे लोगों को हम समझाईश भी देते हैं कि हम इसमे आपकी मदद नहीं कर पाएंगे। सरकारी कर्मचारियों को इसे और भी प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। जनता और प्रशासनिक अधिकारियेां के बीच जनसुनवाई के माध्यम से संवाद भी बना रहता है और हमे भी फील्ड का पल्स पता रहता है कि कहां पर क्या दिक्कत है, किस तहसील में प्रॉब्लम आ रही है और कौन सा ब्लाक अच्छा काम नहीं कर रहा है। जनवरी से हम लोग ब्लॉक स्तर पर जनसुनवाई करेंगे। आगामी समय में ग्रामीणों क्षेत्रों में भी जाएंगे।
सवाल : औद्योगिक विकास के लिए हवाई पट्टी खास महत्व रखती है। इसके लिए शासन और प्रशासन स्तर पर क्या प्रयास हो रहे हैं।
जबाव : इसके लिए शासन की जो ऐविएशन नीति है और जो मापदंड है कि संबंधित जिलेे में एक हेलीपेड होना चाहिए। हम लोग भूमि चिन्हित कर रहे हैं। पड़ोसी जिले उमरिया में हवाई पट्टी है और कटनी से दूरी कम है, इसलिए कोई बड़ी समस्या नहीं है। फिर भी ऐविएशन की पॉलिसी के तहत जल्द ही भूमि का चयन कर जिलेवासियों को ये सौगात देंगे।
सवाल : जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के हाल बुरे हैं। ग्रामीण क्षेत्रो में चिकित्सकों के 72 पद स्वीकृत हैं लेकिन 12 चिकित्सक ही काम कर रहे हैं।
जबाव : चिकित्सा को लेकर मेरा शुरूआत से ही फोकस रहा है। बिना किसी नागा के हर माह हम लोग जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक करते हैं। गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य पैरामीटर की निरंतर मॉनीटरिंग होती है। यह सही है कि जिले में चिकित्सकों के पद रिक्त हैं लेकिन शासन स्तर का विषय है। अच्छी बात यह है कि अनुबंधित युवा चिकित्सकों की पदस्थापना जिले में हुई है। उन्हें स्वास्थ्य केन्द्रों की जिम्मेदारी दी गई है। मसलन बरही में पदस्थ अनुबंधित युवा चिकित्सक प्रतिमाह 200 प्रसव कर रहे हैं। में स्वयं रेगुलर रिव्यू करता हंू। काम करने के बहुत स्कोप है। परंतु जो साधन और स्टाफ उपलब्ध है, उसमे बेहतर रिजल्ट देने की कोशिश करते हैं।
सवाल : पिछले दिनों जो माइनिंग कॉन्क्लेव हुई थी, उसके क्या नतीजे सामने आए और धरातल पर कुछ काम बढ़ा या नहीं।
जबाव : मुझे यह बताते खुशी है कि कटनी में जो माइनिंग कॉन्क्लेव हुई थी, उसके दूरगामी नतीजे आ गए हैं। लगभग 4 इंडस्ट्रीज थी, जिन्होंने हमारे जिले में एमओयू किया था। इनमे से दो में जमीन का चिन्हाकन हो गया है। एक ने अपना प्रपोजल सबमिट कर दिया है और एक में एमपीआईडीसी के साथ कंपनी के अधिकारियों की बैठक चल रही है। महाकोशल रिफेक्टरीज कटनी ने जो एक्सपेंशन का प्रस्ताव दिया था, उसमे भी कुछ काम आगे बढ़ा है। ये एक सतत प्रक्रिया है। एमओयू होने के बाद फैक्टरी आने तक समय लगता है, वह चल रहा है। माइनिंग कॉन्न्क्लेव की वजह से देश भर में कटनी का जो नाम हुआ, उससे और भी औद्योगिक घरानों ने रूचि दिखलाई है।
सवाल : नववर्ष 2026 पर कटनी जिले के नागरिकों को क्या संदेश देना चाहेंगे
भारतीय संविधान के चैप्टर 3 में मौलिक अधिकार और चैप्टर 4 में मौलिक कर्तव्यों का वर्णन है। जनता शासन प्रशासन से अपेक्षा रखती है। प्रशासन प्रयास करता है कि जनता की अपेक्षाओं को पूरा किया जा सके। लोगों से अपील करना चाहूंगा कि आपके भी कुछ दायित्व है, उन्हें आप ईमानदारी से निभाएं शहर में ट्रैफिक की खराब स्थिति है। ट्रैफिक सुधार को लेकर नगर निगम की टीम लगातार काम कर रही है। कभी-कभी ऐसा होता है कि नागरिकों की ओर से असहयोग मिलता है। अपने ही नागरिकों पर इंफोर्समेंट करना अच्छा मैसेज नहीं है। हम लोग मॉटीवेट करते हैं। प्रयास करते हैं। में अपील करता हंू कि आप लोग जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम प्रशासन का सहयोग करें। हमारा प्रयास यही है कि हमारे कार्यकाल में जिले में कोई अच्छी चीज हो सके और शासन के लोग नागरिकों की सेवा के लिए ही मौजूद है, परंतु आप प्रशासन के साथ सहयोग बनें।








