हर्षोल्लास के बीच मनाई जा रही ईद, मुल्क की बरक्कत और कौम की खुशहाली की दुआएं, मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में चहल-पहल

कटनी, यशभारत। आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सौहार्द का प्रतीक पर्व ईदुल-फितर आज सोमवार को मुस्लिम धर्मावलंबियों द्वारा शहर में अपार उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मस्जिदों और ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की गई। मुस्लिम धर्मावलंबियों ने नमाज अदा करते हुए मुल्क की बरक्कत, अमन चैन और कौम की खुशहाली की दुआएं की। रविवार को पाक रमजान माह का तीसवां रोजा होने और आसमान में चांद का दीदार होने के बाद आज ईद मनाये जाने का ऐलान किया गया था। पर्व को लेकर कल शाम से ही मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में चहल-पहल नजर आने लगी थी। मिशन चौक स्थित नगीना मस्जिद में आकर्षक विद्युत साज-सज्जा करते हुए दुल्हन की तरह सजाया गया था। दिलावर चौक और ईश्वरीपुरा वार्ड स्थित मीना बाजार में कल देर रात तक मुस्लिम धर्मावलंबियों ने खरीददारी की। मिशन चौक और आसपास के क्षेत्रों में सेवईंया की खरीदी देर रात तक होती रही। गर्मी के चलते शहर की सभी मस्जिदों में नमाज के समय में परिवर्तन किया गया था। आदर्श कॉलोनी स्थित बड़ी ईदगाह और नगीना मस्जिद में सुबह पहले ईद की नमाज अदा की गई। नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम भाईयों ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। यहां सुबह से ही मुस्लिम धर्मावलंबी नमाज अदा करने के लिए पहुंचने लगे थे। बड़ी ईदगाह में हाफिज एनुलहक इमाम साहब ने ईद की नमाज अदा कराई। पुलिस और प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थी। इस मौके पर एसडीएम प्रदीप मिश्रा, सीएसपी ख्याति मिश्रा, कोतवाली टीआई आशीष शर्मा, कुठला टीआई राजेन्द्र मिश्रा, रक्षित निरीक्षक संध्या ठाकुर की उपस्थिति रही।
कांग्रेस नेताओं ने गले मिलकर दी पर्व की शुभकामनाएं
ईदुल फितर के मौके पर कांग्रेस नेताओं ने आदर्श कॉलोनी स्थित ईदगाह और मिशन चौक स्थित नगीना मस्जिद में पहुंचकर मुस्लिम धर्मावलंबियों को पर्व की मुबारकबाद देते हुए गले मिलकर पर्व की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मिथलेश जैन, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अमित शुक्ला, डॉ. नरेन्द्र राय, पंकज गौतम, रमेश सोनी, एड. राजेश वर्मा सहित अन्य कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति रही।
यहां अदा हुई नमाज
ईद के मौके पर ईदगाह, जामा मस्जिद शेर चौक, नगीना मस्जिद मिशन चौक, नूरी मस्जिद, अल्फर्टगं मस्जिद, शहर जामा मस्जिद ईश्वपुरी वार्ड, अहमदनगर मस्जिद, झर्रा टिकुरिया मस्जिद, बरगवां मस्जिद, गौसियां मस्जिद बरगवां, मंगलनगर मस्जिद, ओएफके मस्जिद, जामा मस्जिद एनकेजे, बजरिया मस्जिद में ईद की नमाज अदा की गई।








