इंदौरग्वालियरजबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

सराफा बाजार में महिला चोर का दुस्साहस, सोने का लॉकेट लेकर स्कूटर से फरार

जबलपुर, यशभारत।

सराफा बाजार में महिला चोर का दुस्साहस, सोने का लॉकेट लेकर स्कूटर से फरार

जबलपुर, यशभारत। अपराध की दुनिया में अब महिलाएं भी पीछे नहीं हैं। सराफा बाजार में पहले भी हाथ की सफाई के मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन शुक्रवार की दोपहर एक चौंकाने वाली घटना हुई, जब एक महिला सोने का लॉकेट देखते-देखते लेकर फरार हो गई। सुनार द्वारा उसे पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वह अपने साथी के साथ स्कूटर पर बैठकर रफूचक्कर हो गई। मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस में दर्ज कराई गई है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार, सराफा बाजार स्थित महागौरी ज्वेलर्स में एक अनजान महिला दुकान पर पहुंची और काउंटर पर बैठे कर्मचारी विक्की से सोने के लॉकेट दिखाने को कहा। विक्की ने उसे कई लॉकेट दिखाए। महिला काफी देर तक डिजाइन पसंद न आने का बहाना बनाकर कर्मचारी को उलझाए रही। बाद में उसने और डिजाइन दिखाने की बात कही।

इसी दौरान जब विक्की पीछे मुड़कर सोने के लॉकेट से भरा डिब्बा उठाने लगा, तभी महिला ने मौके का फायदा उठाते हुए करीब साढ़े तीन ग्राम का एक सोने का लॉकेट हाथ में दबाया और दुकान से बाहर की ओर भागने लगी। कर्मचारी विक्की ने तुरंत शोर मचाकर उसे पकड़ने की कोशिश की। दुकान मालिक के भांजे अजय सोनी ने बताया कि जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते और महिला को पकड़ने की कोशिश करते, तब तक वह अपने एक साथी के साथ स्कूटर पर बैठकर फरार हो चुकी थी। घटना के बाद सराफा बाजार के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया और सभी ने एकत्र होकर पुलिस को इसकी सूचना दी।

फिलहाल कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुकान सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि महिला और उसके साथी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button