मुख्यमंत्री ने दी पुलिस को आधुनिकता की सौगात: 14 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री ने दी पुलिस को आधुनिकता की सौगात: 14 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को दिखाई हरी झंडी
पुलिस मुख्यालय पहुंचे डॉ. मोहन यादव; डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस में कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर दिए कड़े निर्देश
भोपाल, यशभारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे। यहाँ उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पुलिस के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए 14 अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
साक्ष्यों की जांच में आएगी तेजी
इन वैनों के शामिल होने से अब गंभीर अपराधों के मामलों में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक लैब की रिपोर्ट का लंबा इंतजार नहीं करना होगा। ये वैन आधुनिक जांच उपकरणों से लैस हैं, जो घटनास्थल पर ही शुरुआती जांच और साक्ष्यों को सुरक्षित करने में मदद करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से न्याय प्रक्रिया में तेजी आएगी और अपराधियों को सजा दिलाना आसान होगा।

अधिकारियों को दिया ‘चुस्त पुलिसिंग’ का मंत्र
मुख्यालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री को ‘गॉर्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। इसके बाद वे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए। बैठक के दौरान डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला सुरक्षा और गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई हो। पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति संवेदनशील और अपराधियों के प्रति सख्त हो। वही नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।
इस अवसर पर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक ‘स्मार्ट’ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।







