जबलपुरमध्य प्रदेश

प्रेम प्रसंग हत्या कांड में एक आरोपी गिरफ्तार,अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश

सीसीटीवी से मिली अहम कड़ी

जबलपुर, यशभारत। अधारताल थाना क्षेत्र के पन्नी मोहल्ला में प्रेम प्रसंग के चलते युवक हरिलाल यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राहुल दुबे के रूप में हुई है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल झारिया सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार रविवार रात हुई इस सनसनीखेज वारदात में कुल पांच आरोपियों ने मिलकर हरिलाल यादव पर लोहे की रॉड व धारदार हथियारों से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल हरिलाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

सीसीटीवी से मिली अहम कड़ी

घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसी क्रम में राहुल दुबे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी राहुल झारिया और उसके अन्य साथी लगातार ठिकाने बदल रहे हैं, लेकिन उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अधारताल थाना प्रभारी ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने के कारण संवेदनशील है, लेकिन पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। फरार आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button