कांग्रेस की रैली में ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ नारे पर संसद में संग्राम, नड्डा बोले- सोनिया गांधी माफी मांगें
हंगामे के बाद उपसभापति हरिवंश ने राज्यसभा की कार्यवाही को किया स्थगित

नई दिल्ली,एजेंसी। संसद सत्र के 11 वे दिन राज्यसभा और लोकसभा में जोरदार हंगामा देखने को मिला है. बीजेपी सांसदों ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से माफी मांगने की मांग की है. लोकसभा में किरेन रिजिजू ने कहा कि कल कांग्रेस की रैली में प्रधानमंत्री मोदी जी की कब्र खोदने की बात कही गई थी. यह देश के लिए बहुत दुखद समय है कि कांग्रेस पार्टी ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करती है. कांग्रेस के सारे बड़े नेता उस रैली में मौजूद थे और पीएम मोदी की कब्र खोदने का नारा लगाया गया.
राज्यसभा में जेपी नड्डा ने कहा कि बहुत ही दुख के साथ और उद्वेलित मन से एक घटना प्रकाश में लाना चाहता हूं कि कल कांग्रेस की रैली में वहां पर नारे लगे मोदी तेरी कब्र खुदेगी आज तो नहीं तो कल खुदेगी. ये इस तरीके के नारे कांग्रेस पार्टी की सोच और मानसिकता को दर्शाता है. ये नामदारों के झुंझलाहट को स्पष्ट इंगित करता है, इस तरह की बात करने एक पीएम के खिलाफ इस तरह की बातें करना और मृत्यु की कामना करना ये अपने आप में बहुत ही निंदनीय है.
संसद का शीतकालीन सत्र का सोमवार को 11 वा दिन है. इस सत्र में सरकार कई अहम विधेयकों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है. सोमवार को सरकार एटॉमिक एनर्जी अमेंडमेंट बिल पेश करने जा रही है. इस बिल के जरिए देश के परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में निजी कंपनियों को काम करने का अवसर मिलेगा. यह कदम भारत में परमाणु ऊर्जा उत्पादन और तकनीकी विकास को गति देने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
सत्र के दौरान कॉर्पोरेट बिल और हायर एजुकेशन कमीशन ऑफ इंडिया से जुड़े विधेयकों पर भी चर्चा होने की संभावना है. वहीं, विपक्ष की ओर से आज भी हंगामे के आसार हैं. खासकर एसआइआर के मुद्दे पर विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश कर सकता है. इससे दोनों सदनों में बहस और टकराव देखने को मिल सकता है. आज का दिन संसद के लिए अहम है क्योंकि एटॉमिक एनर्जी बिल न केवल ऊर्जा क्षेत्र में निजी भागीदारी का रास्ता खोलेगा, बल्कि यह भारत की ऊर्जा सुरक्षा और तकनीकी प्रगति के लिए भी एक बड़ा कदम होगा. इस पर देशभर की निगाहें टिकी हुई हैं.







