पुलिस लाइन में प्रधान आरक्षक ने फांसी लगाकर दी जान
ग्वालियर शहर के थाटीपुर थाना में पदस्थ था प्रधान आरक्षक

ग्वालियर,एजेंसी। ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस लाइन में रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब थाटीपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास ने अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. सरकारी क्वार्टर का निरीक्षण कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
घर में पति-पत्नी ही थे
जानकारी के अनुसार, मृतक दीपक श्रीवास अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पुलिस लाइन के सरकारी आवास में रहते थे. बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में उनकी पत्नी मौजूद थीं, जबकि दोनों बेटियां दादी के घर गई हुई थीं.
पिता की जगह मिली थी अनुकंपा नियुक्ति
बताया जा रहा है कि दीपक श्रीवास को उनके पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी. उनके पिता की ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई थी. दीपक ने आत्महत्या क्यों कि फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. दीपक की मौत से उनके साथियों और परिवार में शोक का माहौल है.







