सूने मकानों की रेकी कर चोरी करने वाला नाबालिग गिरफ्तार, 1.5 लाख का माल बरामद

सूने मकानों की रेकी कर चोरी करने वाला नाबालिग गिरफ्तार, 1.5 लाख का माल बरामद
भोपाल, यशभारत। राजधानी की बागसेवनिया थाना पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक नाबालिग बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी से चोरी किया गया 1.50 लाख रुपये का सामान, जिसमें नल-टोंटी, एसी पाइप और गैस सिलेंडर शामिल हैं, बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किया गया नाबालिग नशा करने का आदी है और अपने निजी शौक पूरे करने के लिए चोरी करता था। उसका तरीका-ए-वारदात (मॉडस ऑपरेंडी) यह था कि वह चोरी करने से पहले सूने मकानों की रेकी करता था। हाल ही में, थाना क्षेत्र में दो चोरी की वारदातें हुई थीं। पहली, डॉ. सुनील मलिक के बंगले से नल, शॉवर, और एसी पाइप की चोरी, और दूसरी, लोकायुक्त कार्यालय में पदस्थ तकनीकी सहायक सुनील कोचकर के घर से दो खाली गैस सिलेंडर चोरी किये थे।
ऐसे हुई गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की और मुखबिर तंत्र विकसित किया। इसी आधार पर विधि विरूद्ध बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में बालक ने दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 32 नग नल टोटी, 9 नग एसी पाइप, 3 नग शॉवर और 2 खाली गैस सिलेंडर सहित कुल 1.50 लाख मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है।







