बॉक्स ऑफिस धमाका: रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ को बंपर ओपनिंग के बाद मिले चौबीस घंटे के शोज

बॉक्स ऑफिस धमाका: रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ को बंपर ओपनिंग के बाद मिले चौबीस घंटे के शोज
भोपाल, यशभारत। निर्देशक आदित्य धर की स्पाई-थ्रिलर ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार दस्तक दी है। ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ के बाद आई इस बहुप्रतीक्षित फिल्म ने अपने पहले दिन 28.60 करोड़ रुपए की धुआंधार कमाई कर साल की सबसे बड़ी ओपनिंग में से एक दर्ज की है।
फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों दोनों से मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया के चलते, मल्टीप्लेक्स चेन्स ने फिल्म के शोज में भारी इजाफा किया है। आलम यह है कि दर्शकों की भारी मांग को देखते हुए मुंबई के कई सिनेमाघरों में अब ‘धुरंधर’ चौबीसों घंटे (24×7) दिखाई जा रही है!
देर रात और सुबह के शो हुए ऐड
फिल्म ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, कई सिनेमाघरों ने आधी रात के बाद और सुबह के नए शो जोड़े हैं। उदाहरण के लिए, चकला स्थित पीवीआर संगम में फिल्म का शो सुबह 1:50 बजे रखा गया है, जबकि इरोस में आईमैक्स वर्जन सुबह 6 बजे से शुरू होगा। मेट्रो आईनॉक्स में भी रात 1:30 बजे का एक शो जोड़ा गया है।
फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, सारा अर्जुन, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे मंझे हुए कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
कमाई का अपडेट: पहले दिन की बंपर शुरुआत के बाद, फिल्म ने दूसरे दिन खबर लिखे जाने तक 8.72 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है। शुरुआती रुझान बता रहे हैं कि ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर एक लंबी और सफल पारी खेलने को तैयार है।







