कान्हा टाईगर रिजर्व में नाइट सफारी बंद : टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालकों को निर्देश जारी

मंडला। कान्हा नेशनल पार्क समेत प्रदेश के टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में नाइट सफारी बंद हो जाएगी। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद गत दिवस मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक सुभरंजन सेन ने सभी टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालकों को निर्देश जारी कर दिया है। यह निर्णय वन्य जीवों की सुरक्षा और प्राकृतिक व्यवहार में हस्तक्षेप रोकने के उद्देश्य से लिया गया है। इसके अलावा सफारी के दौरान पर्यटको को भी खतरा बना रहता है। रात्रि कालीन सफारी में दुर्घटनाएं होने की संभावना अधिक थी। कई बार रात्रि के अंधेरे में नजदीक में ही वन्यप्राणी विचरण करते मिले। वाहनो की लाइट व जंगल में हल चल के चलते वन्यप्राणी के विचलित होते थे। यहा कान्हा नेशनल पार्क के बफर जोन में नाइट सफारी कराई जा रही थी। यह व्यवस्था प्रबंधन के द्वारा ऑफ लाइन की गई। इसके चलते रात्रि के समय सफारी में कितने वाहन गए और पर्यटनो की संख्या भी स्पष्ट नहीं मिलती थी। यहां ट्रेकिंग भी कराया जाता है इसमें भी गड़बड़ी हो रही है।
बता दे कि वर्ष 2022 में राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण एनटीसीए ने भी टाइगर रिजर्व में नाइट सफारी बंद करने के लिए पत्र लिखा लेकिन उस समय वन विभाग के अधिकारियों ने पर्यटन को बढ़ावा देने का हवाला देकर इसे चालू रखा।







