सड़क हादसे में 4 की मौत, दो जख्मी

सड़क हादसे में 4 की मौत, दो जख्मी
भोपाल, यशभारत: राजधानी के बैरसिया इलाके में पिपलिया-हसनाबाद गांव के पास शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। हाईवे पर दो तेज रफ्तार कारों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात के समय हुआ जब दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और अचानक आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और आवाज सुनकर पूरा गांव इकट्ठा हो गया। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और ओवरटेक बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान खालिद, अनीस, साजिद और नवेद के रूप में हुई है। चारों युवक शिवपुर के रहने वाले थे और भोपाल में एक निजी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।
वही हादसे में घायल हुए दो लोगों में से एक की पहचान सचिन के रूप में हुई है, जिसका इलाज बैरसिया के निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं, दूसरी कार के चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी और फंसे हुए लोगों को निकालने में मदद की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।







