सीहोर के आष्टा में 4 हजार स्टूडेंट्स का हंगामा,कॉलेज में बस-कारें फूंकी
गार्ड ने छात्रों से की थी मारपीट, इसके बाद बिगड़े हालात

आष्टा,यशभारत। सीहोर के आष्टा स्थित वीआईटी कॉलेज में 4 हजार छात्रों ने हंगामा कर दिया। मंगलवार रात को छात्रों ने कॉलेज परिसर में बस और कारों में आग लगा दी। एम्बुलेंस में भी तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ने पर 5 थानों से पुलिस बल बुलाना पड़ा। कॉलेज प्रबंधन ने 30 नवंबर तक अवकाश घोषित कर दिया है।
दरअसल छात्रों ने भोजन और पानी की खराब गुणवत्ता को लेकर प्रदर्शन किया था। उनका कहना है कि कॉलेज में घटिया पानी और खाने के कारण कई छात्रों को पीलिया हो गया है। कुछ की तो मौत हो गई। 100 छात्र आष्टा, सीहोर और भोपाल के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। जब छात्रों ने आवाज उठाई तो गार्ड ने छात्रों से पिटाई की।
प्रोटेस्ट करने पर गार्ड्स ने की मारपीट
छात्रों ने शिकायत की है कि जब उन्होंने अव्यवस्थाओं के खिलाफ विरोध किया, तो हॉस्टल के वार्डन और गार्ड्स ने उनके साथ मारपीट की। चुप रहने के लिए दबाव बनाया। यूनिवर्सिटी में बात करने पर भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया, जिससे छात्रों का गुस्सा भड़क गया।
4000 छात्र हुए जमा, गाड़ियों में की तोड़फोड़
जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो कॉलेज परिसर में लगभग 4000 छात्र जमा हो गए। जमकर तोड़फोड़ की गई। छात्रों ने एक बस, बाइक और एक एम्बुलेंस में तोड़ दिए। इसके अलावा हॉस्टल की खिड़कियों के शीशे, आरओ प्लांट और परिसर के अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंचाया।

पांच थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, एसडीओपी आष्टा और आष्टा, जावर, पार्वती, कोतवाली और मंडी थानों से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों से बात कर उन्हें शांत किया।







