भोपालमध्य प्रदेश

युवक पर तलवार से जानलेवा हमला; पुलिस को सोशल मीडिया पर खुली चुनौती

युवक पर तलवार से जानलेवा हमला; पुलिस को सोशल मीडिया पर खुली चुनौती
भोपाल, यशभारत। राजधानी में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे न सिर्फ सरेआम जानलेवा वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, बल्कि सोशल मीडिया पर लाइव आकर पुलिस को खुली चुनौती भी दे रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार ताजा मामला हनुमानगंज थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ कुछ अज्ञात बदमाशों ने इरफ़ान नामक एक युवक पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक बुरी तरह घायल हो गया और उसे गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि युवक के पैर पर गहरा घाव हुआ है। इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ती चाकूबाजी और हिंसक वारदातों को रेखांकित किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बदमाश दे रहे पुलिस को ‘खुला चैलेंज’
इससे भी अधिक चिंताजनक स्थिति गौतम नगर थाने क्षेत्र में देखने को मिली। यहाँ आतंक मचाने वाले कुछ बदमाशों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव वीडियो जारी कर पुलिस को चुनौती दी है। वीडियो में बदमाश न सिर्फ गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं, बल्कि पुलिस को ‘पकड़ कर बताने’ का खुला चैलेंज दे रहे हैं। एक बदमाश हाथ में चाकू लिए भी दिखाई दिया। यह वीडियो तब सामने आया जब इन बदमाशों पर वाहनों में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा था। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार बदमाशों की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button