भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल: वर्दी की गुंडागर्दी! ₹250 के विवाद में प्रधान आरक्षक ने शोरूम कर्मचारी को बेरहमी से पीटा

भोपाल: वर्दी की गुंडागर्दी! ₹250 के विवाद में प्रधान आरक्षक ने शोरूम कर्मचारी को बेरहमी से पीटा

भोपाल, यशभारत। राजधानी के नारायण नगर स्थित चेतक स्कूटर शोरूम में शनिवार शाम को पुलिस की बर्बरता का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। बैरागढ़ थाने में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक ने महज ₹250 के काम को लेकर एक सर्विस एडवाइजर को सरेआम जमीन पर गिराकर लातों से पीटा। इस दौरान उसके साथ मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने भी हस्तक्षेप नहीं किया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

तत्काल काम और कैशलेस भुगतान को लेकर हुआ विवाद

घटना शाम करीब सवा चार बजे की है। वर्दी में शोरूम पहुंचे प्रधान आरक्षक राम अवतार धाकड़ ने सर्विस एडवाइजर सचिन कुमार कुशवाह से अपने स्कूटर का ब्रेक लीवर तत्काल बदलवाने को कहा। लीवर की कीमत सिर्फ ₹250 थी।

जब सचिन ने पैसे चुकाने की बात कही, तो आरक्षक धाकड़ ने नकद भुगतान करने से साफ मना कर दिया और गाड़ी का काम इंश्योरेंस के माध्यम से कराने पर अड़ गया। सर्विस एडवाइजर सचिन ने उन्हें समझाया कि इंश्योरेंस क्लेम की प्रक्रिया में गाड़ी छोड़नी होगी और सेटलमेंट में करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है।

नाराजगी में दी बेरहमी से पिटाई

इंश्योरेंस की लंबी प्रक्रिया बताए जाने पर आरक्षक राम अवतार धाकड़ भड़क उठे। उन्होंने आपा खो दिया और कर्मचारी सचिन कुमार कुशवाह पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरक्षक ने सचिन को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और जमकर लातें मारीं। हैरत की बात यह है कि इस दौरान उनके साथ वर्दी में पाँच अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाने की कोशिश नहीं की।

यह घटना खाकी वर्दी के गलत इस्तेमाल और पुलिसकर्मियों की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े करती है। वीडियो सामने आने के बाद अब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से आरोपी प्रधान आरक्षक पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button