भोपाल के JEE छात्र की कोटा में 9वीं मंजिल से गिरकर मौत; हादसा या आत्महत्या, पुलिस कर रही जाँच

भोपाल के JEE छात्र की कोटा में 9वीं मंजिल से गिरकर मौत; हादसा या आत्महत्या, पुलिस कर रही जाँच
भोपाल, यशभारत। संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे भोपाल के 18 वर्षीय छात्र ईशान पालीवाल की शुक्रवार दोपहर कोटा में एक मल्टीस्टोरी बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से मौत हो गई। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह एक दुर्घटना थी या छात्र ने तनाव के चलते यह कदम उठाया।
मिली जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे रॉयल इंपीरिया मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ईशान 9वें फ्लोर से गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
दो साल से माँ के साथ रह रहा था
ईशान पालीवाल पिछले दो साल से अपनी माँ तारा पालीवाल के साथ कोटा में एक किराए के फ्लैट में रहकर इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। छात्र के पिता विवेक पालीवाल भोपाल में इंजीनियर हैं और उनका परिवार भोपाल के बी2 सिद्धार्थ लेक सिटी, आनंद नगर, रायसेन रोड पर रहता है। घटना के बाद से ईशान की माँ तारा पालीवाल गहरे सदमे में हैं और कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।
डीएसपी योगेश शर्मा ने बताया, “ईशान की मौत कैसे हुई, इसकी विस्तृत जाँच की जा रही है। बिल्डिंग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि यह आकस्मिक था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। हमने शव को एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। घटना की जानकारी छात्र के पिता विवेक पालीवाल को देदी है। आज शनिवार को पीएम के बाद शव को परिवार को सौप दिया गया है। वही पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।







