12 साल के छात्र से प्रिंसिपल ने की बेरहमी से मारपीट, चेहरा सूजा, हुआ बेहोश; पेरेंट्स ने दर्ज कराई शिकायत

12 साल के छात्र से प्रिंसिपल ने की बेरहमी से मारपीट, चेहरा सूजा, हुआ बेहोश; पेरेंट्स ने दर्ज कराई शिकायत
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल के ईदगाह हिल्स स्थित गुरुनानक हायर सेकेंडरी स्कूल में छठी कक्षा के 12 वर्षीय छात्र के साथ स्कूल प्रिंसिपल द्वारा बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। बच्चे के चेहरे पर 10-15 थप्पड़ों के निशान पाए गए हैं, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। परिजनों ने प्रिंसिपल सुरजीत कौर पर मारपीट, गाली-गलौज और भविष्य खराब करने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए शाहजहांनाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
तबीयत खराब’ बताकर पेरेंट्स को बुलाया, मिला बेहोश बेटा
बच्चे के पिता ने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर 2:08 बजे उन्हें स्कूल से कॉल आया कि बेटे की तबीयत खराब है और तुरंत स्कूल पहुंचें। स्कूल पहुंचने पर बेटा अस्त-व्यस्त हालत में मिला। उसके चेहरे पर सूजन थी और थप्पड़ों के कई निशान साफ दिख रहे थे। देखते ही देखते बच्चा सांस लेने में तकलीफ के बाद अचानक बेहोश हो गया। उसे तुरंत चिरायु अस्पताल ले जाया गया। होश आने पर बेटे ने बताया कि सहपाठी से विवाद होने पर क्लास टीचर उसे प्रिंसिपल के पास ले गईं, जहाँ प्रिंसिपल सुरजीत कौर ने कॉरिडोर में ही उसे 10 से 15 थप्पड़ मारे।
मां से कहा- ‘क्या गुंडा बनाओगी अपने बेटे को?’
बच्चे की मां ने बताया कि जब वे स्कूल पहुंचे तो बच्चा बेहोशी की हालत में था। प्रिंसिपल सुरजीत कौर बाहर आईं और उनसे बदसलूकी करते हुए कहा, ‘क्या गुंडा बनाओगी अपने बेटे को?’
परिजनों का आरोप है कि प्रिंसिपल पहले भी उनके बेटे को टीसी देने और साल खराब करने की धमकी देती थीं। शिकायत दर्ज कराने के बाद प्रिंसिपल ने छात्र की 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली बहन को भी ऑनलाइन क्लास वाले व्हाट्सऐप ग्रुप से हटा दिया है।
पुलिस करेगी सीसीटीवी फुटेज की जांच
परिजनों ने पुलिस से स्कूल के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की है और प्रिंसिपल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील की है।
शाहजानाबाद थाना प्रभारी यूपीएस चौहान ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है। उन्होंने कहा, “हम कल आज गुरुवार स्कूल के सीसीटीवी की जांच करवाएंगे। उसके बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकता है।”






