भोपाल में दुआ-ए-खास के साथ इज्तिमा का हुआ समापन

भोपाल में दुआ-ए-खास के साथ इज्तिमा का हुआ समापन
– 12 लाख से अधिक जायरीन हुए शामिल
भोपाल यशभारत। राजधानी में जारी आलमी तब्लीगी इज्तिमा का समापन दुआ ए खास के साथ सोमवार को गया। करीब १२ लाख से अधिक लोग दुआ में शामिल हुए। मौलाना साद ने दुआ में मुसलमानों को हक पर कायम रहने की तौफीक देने की अरज की। उम्मत के दिलों में रहमत और नरमी पैदा होने के लिए भी दुआ की। उन्होंने कहा कि हमें हजरत मोहम्मद साहब की सुन्नतों पर चलने वाला बना, हमारे सब्र को मंजूर फरमा। फजिर की नमाज़ के बाद तकरीर पेश की, जिसमें अमन, इंसानियत और एकता का संदेश दिया गया।
अलसुबह से ही जायरीन की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर और प्रदेश के साथ ही देश, विदेश के लोग ईंटखेड़ी स्थित इज्तिमा स्थल पर पहुंचने लगे थे। कई जायरीन गुरुवार से ही इज्तिमा स्थल पर डेरा जमाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि अंतिम दिन की दुआ में शामिल होना उनके लिए आध्यात्मिक सौभाग्य की बात मानी जाती है।

ट्रैफिक और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
इज्तिमा में लाखों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की है। घारतीपुरा, करोंद, गांधी नगर और बैरागढ़ मार्गों पर पुलिस, होमगार्ड और ट्रैफिक स्टाफ तैनात किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है, जिसमें छोटे-बड़े वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। पार्किंग से इज्तिमा स्थल तक पैदल पहुंचने के लिए चौड़े और सुरक्षित रास्ते तैयार किए गए हैं। मुख्य स्थल के आसपास वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रखा गया है।
२००० पुलिस कर्मी संभाल रहे सुरक्षा व्यवस्था
ड्रोन कैमरों से भीड़ की निगरानी की जा रही है। एसएएफ और क्यूआरएफ की टीमें अलर्ट पर हैं, वहीं 2,000 से अधिक पुलिसकर्मी पूरे आयोजन क्षेत्र में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंबुलेंस, फर्स्ट एड यूनिट और मोबाइल मेडिकल टीमों की व्यवस्था भी की गई है।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर बढ़ाई गई सुविधाएं
जायरीन की भारी तादाद को देखते हुए रेलवे और बस स्टैंड पर भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। भोपाल, हबीबगंज और बैरागढ़ रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर और मशीनें लगाई गई हैं। बस स्टैंडों पर भी अतिरिक्त स्टाफ और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है, ताकि दुआ-ए-खास के बाद लौटने वाली भीड़ को सुचारू रूप से संभाला जा सके।
दुआ होते ही वापस लौटने लगे जायरीन
दुआ-ए-खास के बाद दोपहर से जायरीन की वापसी का सिलसिला शुरू हो गया। प्र्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भीड़भाड़ की स्थिति में धैर्य बनाए रखें और यातायात निर्देशों का पालन करें। दुआ के साथ इज्तिमा का यह विशाल आयोजन हुआ संपन्न होगा, लेकिन अमन और भाईचारे का संदेश हमेशा की तरह शहर में अपनी छाप छोड़ जाएगा।







