भोपाल में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री पर आया

भोपाल में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री पर आया
– मध्यप्रदेश के कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट
भोपाल यशभारत। मप्र के मौसम में अब लगातार परिर्वतन हो रहा है। रात के तापमान में जहां लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है वहीं दिन का तापमान भी नीचे ज रहा है। लोगों को दिन में भी गर्म कपड़ों का सहारा ठंड से बचने के लिए लेना पड़ रहा है। नवंबर के महीने में मध्यप्रदेश में रिकॉर्ड ठंड ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। राजधानी भोपाल और दौर में पारा लुढक़ गया है। इसी तरह ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन और कई अन्य शहरों में भी कड़ाके की ठंड का असर जारी है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार का तापमान भोपाल में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 9.6 डिग्री, ग्वालियर में 9.9 डिग्री, उज्जैन में 11.7 डिग्री और जबलपुर में 9.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, राजगढ़ में सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रीवा में 7.5 डिग्री, छतरपुर के नौगांव में 7.8 डिग्री, खजुराहो में 9.4 डिग्री, उमरिया में 8.4 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री, सतना-मलाजखंड में 9.6 डिग्री, और छिंदवाड़ा में 9.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बाकी शहरों में पारा 10 डिग्री या इससे अधिक था।
बर्फबारी का पड़ रहा असर
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में चल रही बर्फबारी का असर अब मध्यप्रदेश में भी महसूस किया जा रहा है। उत्तरी हवाओं का सीधा असर प्रदेश में पड़ रहा है, जिससे रातें बेहद ठंडी हो रही हैं। हालांकि दिन में धूप निकलने से ठंड का असर कुछ हद तक कम हो जाता है, लेकिन सुबह और रात के समय लोग ठिठुर रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अति शीतलहर और शीतलहर का असर देखा गया है। अगले तीन दिन भी कोल्ड वेव का अलर्ट जारी है। इसके बाद तापमान में थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।
शीतलहर अलर्ट जारी जिलों की सूची
मौसम विभाग ने रविवार को भोपाल, इंदौर, राजगढ़, शाजापुर, देवास, सीहोर, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, जबलपुर, डिंडौरी और अनूपपुर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि वे ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखें। भारी ठंड के कारण लोग सुबह के समय अपने घरों से निकलने में हिचकिचा रहे हैं। सडक़ों पर हल्की धुंध और कुहासा भी देखने को मिला, जिससे वाहन चालकों को सफर में सतर्क रहने की आवश्यकता है।







