जारी रहेगा सर्द हवाओं का दौर,औसत से 7 डिग्री नीचे पारा
न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री दर्ज

जबलपुर यश भारत। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण जिले में शीत लहर का प्रकोप बना हुआ है और मौसम विभाग की मांने तो 19 नवंबर तक जिले में उत्तर से हवा की दिशा रहेगी जिससे दिन एवं रात के तापमान में गिरावट होगी। स्थानीय मौसम कार्यालय प्रभारी डीके तिवारी के अनुसार फिलहाल शीत लहर से राहत की उम्मीद कम ही है। रविवार को सुबह न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 7 डिग्री नीचे रहा।
दीर्घावधि पूर्वानुमान में आने वाले 2 सप्ताह में पूर्वी मध्य प्रदेश में वर्षा नही होने की संभावना है, एवं तापमान में गिरावट होगी। मौसम के इन्हीं तेवर के बीच शुक्रवार 14 नवंबर को अधिकतम तापमान 26.8 और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिसके कारण शाम ढलने के बाद ठंड के तेवर रहे और रात में भी तापमान में गिरावट रही जिसके कारण लोगों को कंबल और रजाई का सहारा लेना पड़ गया। शनिवार 15 नवंबर को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज हुआ जो सामान्य से 3 डिग्री कम था वहीं न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि सुबह आद्रता 63% रही।
मौसम वैज्ञानिकों ने बदलता मौसम में किसानों के लिए सामयिक सलाह देते हुए कहा है कि खेतों को तैयार कर गेहूँ की बुवाई करें। बुवाई पूर्व बीजों को फफूंदनासी से उपचार करें







