मध्यप्रदेश में कोल्ड डे और कोल्ड वेव का असर जारी

मध्यप्रदेश में कोल्ड डे और कोल्ड वेव का असर जारी
– मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, भोपाल में गिरा तापमान
भोपाल यशभारत। प्रदेश में इन दिनों कोल्ड डे और कोल्ड वेव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी भोपाल सहित इंदौर, उज्जैन, सागर और शहडोल संभाग के कई जिलों में कोल्ड वेव का असर महसूस किया जा रहा है। इन शहरों के तापमान भी गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि कोल्ड डे तब होता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे गिरता है और अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री से अधिक कम हो जाता है।
मध्यप्रदेश में इस बार सर्दी ने नवंबर में ही रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इंदौर में पिछले 25 साल में इतनी ठंड नहीं रही, जबकि भोपाल में लगातार सात रातों से तापमान 9 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर भारत से आने वाली बर्फीली हवाओं का असर भोपाल संभाग के सभी जिलोंं के अलावा, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, इंदौर, सागर के जिलों में सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है। इसके विपरीत प्रदेश का इकलौता हिल स्टेशन पचमढ़ी अपेक्षाकृत कम ठंडा है। विशेषज्ञों के अनुसार इसका कारण यह है कि पचमढ़ी दक्षिणी हिस्से में स्थित है और यहां बर्फीली हवाओं की रफ्तार उतनी तेज नहीं होती। इस वजह से पचमढ़ी की रातें भोपाल और इंदौर जितनी ठंडी नहीं होतीं।
स्वास्थ्य विभग ने लोगों को सर्द हवाओं और कम तापमान के मद्देनजर बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। ठंड से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए गर्म कपड़े, गर्म पेय और रात में पर्याप्त ढककर सोने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों में उत्तर से आने वाली हवाओं का असर बना रह सकता है। इस दौरान प्रदेश के अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहेगा।







