स्टेट कमांड सेंटर में शराब के नशे में पकड़ाए पुलिस कर्मी

स्टेट कमांड सेंटर में शराब के नशे में पकड़ाए पुलिस कर्मी
– एसपी ने कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को लिखा पत्र
भोपाल यशभारत। राजधानी भोपाल में स्थित स्टेट कमांड सेंटर 112 में कर्मचारी दिन रात एक कर लोगों की सेवा करने में जुटे हैं। लोगों को त्वरित मदद उपलब्ध कराने के लिए 24 घंटे अधिकारी कर्मचारी काम में जुटे हुए हैं। वहीं कुछ पुलिस कर्मी ऐसे भी हैं जो आला अधिकारियेां की नाक के नीचे पूरे महकमे की छवि को धूमिल कर रहे हैं। महकमे का सबसे अहम विंग माने जाने वाले स्टेट कमांड सेंटर में पुलिस कर्मी ड्यूटी पर शराब पीकर पहुंच रहे हैं। ड्यूटी पर शराब पीकर आने वाले कर्मचारियों की जांच के लिए ब्रीथ एनालाइजर मशीन भी इंस्टॉल कर दी गई है, लेकिन इस मशीन का खौफ पुलिसकर्मियों को नहीं है। बुधवार को कमांड सेंटर में ब्रीथ एनालाइजर से हुई जांच में दो पुलिसकर्मी शराब के नशे में मिले। दोनों पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई के लिए डायल 112 की एसपी नीतू ठाकुर ने वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखा है। मामले की जानकारी लगने के बाद स्टेट कमांड सेंटर में हडक़ंप मचा हुआ है। सूत्रों की माने तो कई पुलिस कर्मी ऐसे हैं जो ड्यूटी के दौरान ही शराब पीकर आ रहे हैं, लेकिन पुलिस अधिकारियों को भनक नहीं लग पा रही है।
तीस दिन के प्रशिक्षण के ग्वालियर से आया था आरक्षक
बताया जा रहा है कि स्टेट कमांड सेंटर 112 में तीस दिन के प्रशिक्षण के लिए ग्वालियर से आरक्षक आया था, बुधवार को दोपहर की शिफ्ट के दौरान ही ड्यूटी पर तैनात डीएसपी ने ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच कराई तो जांच में सामने आया कि उक्त आरक्षक ने शराब पी हुई थी। वहीं एक अन्य आरक्षक भोपाल में पिछले कई सालों से पदस्थ था लेकिन उसने भी शराब पी हुई थी। मशीन में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद दोनों आरक्षकों ाक काम करने से रोका गया व ड्यूटी से हटाया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों को लिखा पत्र
मामले की जानकारी डीएसपी ने एसपी को दी जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर जानकारी दी गई। वरिष्ठ अधिकारियेां के निर्देश पर अब दोनों आरक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि विभागीय स्तर पर सख्त कार्रवाई दोनों पर हो सकती है। सूत्रों की माने तो कुछ दिन पहले भी पुलिसकर्मी शराब के नशे में मिले थे जिसके बाद कार्रवाई हो चुकी है।
पहला ऐसा कार्यालय इंस्टॉल की गई मशीन
स्टेट कमांड सेंटर 112 प्रदेश का एक मात्र ऐसा कार्यालय हैं जहां पर कर्मचारियों की जांच के लिए ब्रीथ एनालाइजर मशीन को इंस्टॉल किया गया है। ड्यूटी के दौरान शराब पीकर अने वाले कर्मचारियों की पहचान के लिए इस मशीन को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ही इंस्टॉल किया गया है। बावजूद इसके कर्मचारी लगातार शराब पीकर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि कर्मचारी अधिकारी की मौजूदगी में भी शराब पीकर आ जाते हैं।
अहम माना जाता है स्टेट कमांड सेंटर डायल 112
लोगों को तुरंत मदद उपलब्ध कराने के लिए स्टेट कमांड सेंटर का संचालन किया जा रहा है। प्रदेश के सभी जिलों को कमांड सेंटर से जोड़ा गया है। जिसमें पुलिस कर्मियों के साथ ही निजी कंपनी के कर्मचारियों को भी अटैच किया गया है। जानकारों का कहना है कि लोगों को त्वरित मदद मिल सके इसके लिए कमांड सेंटर से ही स्थानीय थाना क्षेत्र में सूचना भेजी जाती है, लेकिन यदि कमांड सेंटर के जिम्मेदार ही नशे में रहेंगे तो लोगों को मदद कैसे उपलब्ध हो सकेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों को लिखा है पत्र
ड्यूटी के दौरान दो आरक्षक स्तर के पुलिस कर्मी शराब के नशे में मिले थे, जिन पर कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। जल्द ही दोनों आरक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी।
– नीतू ठाकुर, एसपी, स्टेट कमांड सेंटर 112, भोपाल







