भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल मेट्रो: CMRS निरीक्षण निर्णायक चरण में, जल्द मिलेगी कमर्शियल रन को हरी झंडी

भोपाल मेट्रो: CMRS निरीक्षण निर्णायक चरण में, जल्द मिलेगी कमर्शियल रन को हरी झंडी
भोपाल, यशभारत: राजधानी के निवासियों के लिए मेट्रो सेवा शुरू होने का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (CMRS) जनक कुमार गर्ग के नेतृत्व में एक उच्च-स्तरीय विशेषज्ञ टीम भोपाल पहुंच चुकी है, जो आज (गुरुवार को) एम्स से सुभाष नगर के बीच 6.22 किलोमीटर लंबे प्राथमिकता कॉरिडोर का विस्तृत निरीक्षण करेगी। यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसकी “ओके रिपोर्ट” मिलने के बाद ही भोपाल मेट्रो को कमर्शियल रन (यात्री सेवा) शुरू करने की अंतिम मंजूरी मिलेगी।
नवंबर में PM मोदी कर सकते हैं शुभारंभ!
भोपाल मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने अक्टूबर में ही सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा था, जिसके तहत सीएमआरएस की दो विजिट पहले ही हो चुकी हैं। यह वर्तमान निरीक्षण सुरक्षा और तकनीकी पहलुओं का अंतिम आकलन है। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के बाद सब कुछ ठीक पाए जाने पर ट्रायल रन शुरू होगा और फिर कमर्शियल संचालन की तारीख तय की जाएगी। प्रबल संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवंबर माह में भोपाल आकर इस बहुप्रतीक्षित मेट्रो सेवा का शुभारंभ कर सकते हैं।
फिनिशिंग का काम जारी, ट्रैक तैयार
प्राथमिकता कॉरिडोर पर आने वाले स्टेशनों – सुभाषनगर, केंद्रीय स्कूल, डीबी मॉल, रानी कमलापति, एम्स, आदि – पर फिनिशिंग और आंतरिक कार्य अभी भी अंतिम चरण में हैं। कॉर्पोरेशन का कहना है कि यात्री सेवा शुरू करने के लिए आवश्यक सभी मुख्य निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, और शेष कार्य मेट्रो संचालन के साथ-साथ पूरे किए जाएंगे।
CMRS की अनुमोदन रिपोर्ट प्रदेश सरकार को सौंपे जाने के तुरंत बाद, राजधानी में नियमित यात्री सेवा शुरू होने की तारीख की आधिकारिक घोषणा की जाएगी, जिससे भोपाल का सार्वजनिक परिवहन एक नए युग में प्रवेश करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button