जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

निगम–मंडल नियुक्तियों पर अभी इंतज़ार, दावेदारों की उम्मीदें कायम

महाकौशल और जबलपुर विकास प्राधिकरण में भी वर्षों से पद रिक्त

जबलपुर, यश भारत। मध्य प्रदेश में मोहन सरकार को सत्ता संभाले लंबा समय बीत चुका है, लेकिन अब तक निगम-मंडल, आयोगों और अन्य राजनीतिक नियुक्तियाँ संभव नहीं हो पाई हैं। वर्तमान संकेतों के अनुसार, इन नियुक्तियों में अभी कुछ और इंतज़ार करना पड़ सकता है।लगातार हो रहे विलंब के बावजूद दावेदारों का उत्साह कम नहीं हुआ है। उन्हें अब भी उम्मीद है कि पार्टी जल्द ही उन्हें किसी न किसी संस्था या पद पर एडजस्ट करेगी। अगर जबलपुर की बात करें, तो जबलपुर विकास प्राधिकरण (JDA) और महाकौशल विकास प्राधिकरण जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों में पिछले सात वर्षों से कोई नियुक्ति नहीं हुई है। स्थानीय स्तर पर कई दावेदार इस बार इन पदों पर अपनी दावेदारी मजबूत करने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
भाजपा के अंदरूनी सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, पहले नगर निगमों में एल्डरमैन नियुक्तियों और शैक्षणिक संस्थानों में राजनीतिक पदस्थापना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद निगम-मंडल नियुक्तियों की बारी आएगी।
पूर्व में कई दावेदारों ने प्रदेश कार्यकारिणी में स्थान पाने के लिए प्रयास किए थे, लेकिन जिन्हें जगह नहीं मिल पाई, वे अब विभिन्न बोर्ड, निगम और प्राधिकरणों में नियुक्ति की संभावना तलाश रहे हैं। अब देखना यह होगा कि इन दावेदारों की यह उम्मीदें कब साकार होती हैं और सरकार द्वारा लंबित राजनीतिक नियुक्तियों पर मुहर कब लगाई जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button