पत्रकार वार्ता में वीडी शर्मा ने दी जानकारी : सांसद खेल महोत्सव में होंगे रोमांचक मुकाबले, खेलों में कटनी की प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर, 25 नवंबर से 25 दिसंबर तक प्रतियोगिताओं का आयोजन

कटनी, यशभारत। आगामी 25 नवंबर से कटनी में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जो एक माह तक चलेगा। खेल महोत्सव का शुभारंभ फारेस्ट प्ले ग्राउंड में होगा। 25 दिसंबर को इसका समापन होगा। इस दौरान हर आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए खेल प्रतियोगिताएं होंगी।
आज भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में क्षेत्र के सांसद वीडी शर्मा ने बताया कि सांसद ट्राफी के अंतर्गत आयोजित कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, एथलेटिक, मलखंब, कुश्ती, फुटबॉल समेत अन्य खेलों में स्थानीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का परिचय दे सकते हैं। सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा स्थानीय खेलों को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने लगातार कई कदम उठाए जा रहे हैं, जिसके परिणाम स्वरूप वैश्विक मंचों पर भारत की खेल प्रतिभाएं अपना जौहर दिखा रही है। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के सभी खिलाड़ियों को उचित प्लेटफॉर्म, सम्मान और खेल सुविधाएं मुहैया कराने के भाजपा संगठन पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। जब से इस प्रतियोगिता की जानकारी ग्रामीण खिलाड़ियों को लगी है तब से वे बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक संसदीय क्षेत्र के जिलों में तीन दिवसीय 8–10 किमी लंबी पदयात्राएँ निकाली जाएंगी। जिनकी शुरुआत हो चुकी हैं। स्कूल-कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठी जैसे कार्यक्रम इस दौरान नशामुक्त भारत शपथ, स्वदेशी मेला, स्वच्छता अभियान और योग शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा। 26 नवंबर से सरदार पटेल जी के जन्मस्थान करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया तक 152 किमी की पदयात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा के दौरान गाँव-गाँव में विकसित भारत प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और हर शाम सरदार गाथा का आयोजन होगा।
उन्होंने बताया सांसद खेल महोत्सव में खजुराहो संसदीय क्षेत्र के चार जनपदों और एक जनपद के आंशिक हिस्से को सम्मिलित किया गया है। कुल 275 ग्राम पंचायतों में यह खेल महोत्सव आयोजित होगा। सांसद श्री शर्मा ने बताया कि खेल महोत्सव की प्रतियोगिताएँ पंचायत स्तर से प्रारंभ होकर मंडल, ब्लॉक और जिला स्तर तक होंगी। जिला स्तर की विजेता टीमें पन्ना में होने वाले फाइनल मुकाबले में भाग लेंगी, जहाँ विजेताओं को लोकसभा ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।पत्रकार वार्ता में कटनी में हवाई पट्टी, पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज, रेलवे स्टेशनों के विकास, एनकेजे रेलवे स्टेशन बंद होने से जुड़े अनेक सवाल भी पत्रकारों ने पूंछे। इस दौरान मंच पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, विधायक प्रणय पांडे, पूर्व जिलाध्यक्ष रामरतन पायल, पीतांबर टोपनानी, महामंत्री सुनील उपाध्याय, रवि खरे, जिला मंत्री आशीष गुप्ता आदि मौजूद रहे।








