एक शाम मोर पंख वाले के नाम भजन संध्या का आज

एक शाम मोर पंख वाले के नाम भजन संध्या का आज
— सु-संस्कृति सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित किया जा रहा आयोजन
– ब्रज रसिक पं. विनोद शर्मा के भजनों से गूंजेगा कृष्ण प्रेम का संदेश
भोपाल यशभारत। सु-संस्कृति सामाजिक संस्था भोपाल द्वारा आयोजित दीपावली मिलन एवं भजन संध्या एक शाम मोर पंख वाले के नाम का आयोजन आज शाम 7 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम यशोदा प्रिविलेज, बोनीफाई स्कूल के पास नरेला शंकरी में होगा। संस्था के अध्यक्ष पंडित गिरीश शर्मा ने बताया कि यह आयोजन समाज में भक्ति, सद्भाव और सांस्कृतिक एकता के संदेश को प्रसारित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होंगे वृंदावन के प्रसिद्ध ब्रज रसिक पं. विनोद शर्मा, जो अपनी मधुर वाणी में कृष्ण प्रेम से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति देंगे। उनके भजनों से वातावरण कृष्णमय हो उठेगा और श्रद्धालु भक्ति रस में डूब जाएंगे।
समाजिक सद्भाव और भक्ति का संगम
संस्था का यह वार्षिक आयोजन न केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम है, बल्कि यह सामाजिक सद्भाव और आध्यात्मिक एकता का भी प्रतीक बन गया है। संस्था के सदस्यों का कहना है कि दीपों की रोशनी तभी पूर्ण होती है जब उसमें अपनों का स्नेह और साथ शामिल हो। पंडित शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भोपालवासी, समाजसेवी और भक्ति प्रेमी परिवार शामिल होंगे।
भक्ति और आनंद से भरी एक विशेष शाम
एक शाम मोर पंख वाले के नाम कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन, भजन संध्या, आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन रहेगा। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह शाम भक्ति, संगीत और प्रेम की अद्भुत अनुभूति से परिपूर्ण होगी, जिसमें सभी को कृष्ण प्रेम का सजीव अनुभव मिलेगा।







