‘हैरी पॉटर द ब्रॉडवे म्यूजिकल’ बिलाबॉन्ग हाई इन्टरनेशनल स्कूल में वार्षिकोत्सव संपन्न
विद्यार्थियों ने अपनी कला कौशल का बखूबी किया प्रदर्शन

जबलपुर,यशभारत। बिलाबॉन्ग हाई इन्टरनेशनल स्कूल में वार्षिकोत्सव अत्यंत अनूठे व जादुई अंदाज़ में विद्यालय प्रांगण में भव्यता के साथ संपन्न हुआ । इसमें विद्यार्थियों ने नृत्य नाटिका के माध्यम से अपनी कला कौशल का बखूबी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिधि मेजर जनरल संजय गौतम, गेस्ट ऑफ ऑनर जबलपुर नगर निगम के प्रमुख राम प्रकाश अहीरवार और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। आमंत्रित अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छों द्वारा किया गया। शाला प्राचार्या सायमा खान ने शाला की गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
आकर्षक व अद्भुत प्रदर्शन ने दर्शको का मन मोहा
विद्यार्थियों द्वारा शिव तांडव की मनोहारी प्रस्तुति के माध्यम से समारोह का शुभारंभ हुआ। उत्सव की पटकथा हैरी पॉटर द ब्रॉडवे म्यूजिकल पर आधारित थी। छात्रगणों ने अपने पाठ्यक्रम में संकलित इस अद्भुत कथा का बड़ी ही निपुणता व सफलता से मंचन किया। संगीतमय नृत्य नाटिका के माध्यम से विद्यार्थियों ने नृत्य की विभिन्न विधाओं का शानदार, आकर्षक व अद्भुत प्रदर्शन कर दर्शको का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे आकर्षक परिधानों में सज्जित विद्यार्थियों ने मंच पर आकर अपनी विलक्षण कला कौशल का उत्कृष्ट परिचय दिया। आमंत्रित अतिथि भी विद्यार्थियों के इस नृत्य कौशल से अचंभित, आनंदित व विभोर हो उठे।
नृत्य नाटिका का ऐसा भव्य व अद्भुत प्रदर्शन देख दर्शकों की तालिमों से मानो समस्त आकाश गुंजायमान था। पारितोषिक वितरण के उपरांत राष्ट्रगान की ध्वनि से यह आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में शाला संस्थापिका अर्पिता मालपानी, शाला कार्यकारी अधिकारी प्रदीप गंगाधरन, शाला प्रधानाचार्या सायमा खान, शिक्षकगणों के साथ प्रतिभाशाली छात्र मौजूद रहे।







