सतना। रीवा ज़ोन में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार 2.0” के तहत मैहर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। रीवा आईजी श्री गौरव राजपूत के निर्देशन एवं सतना पुलिस अधीक्षक श्री शैलेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान थाना ताला पुलिस ने चौंकाने वाली कार्यवाही की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सनेही निवासी नंदकिशोर उर्फ छोटेभैया पटेल (उम्र 59 वर्ष) अपने घर के सामने रेत के ढेर में नशीली कफ सिरप छिपा कर रखता है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल दबिश दी।
जांच के दौरान जब रेत का ढेर खंगाला गया, तो वहां से 02 बोरियों में भरी 286 शीशियां अवैध कफ सिरप बरामद हुईं। आरोपी ने इस अवैध माल को छिपाने के लिए रेत के ऊपर लौकी की बेल फैला रखी थी, ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस ने जेसीबी की मदद से रेत की खुदाई कर कफ सिरप बरामद किया। बरामद माल की कीमत ₹57,629 आंकी गई है। आरोपी ने बताया कि वह यह सिरप ₹240 प्रति शीशी के हिसाब से खरीदता और ₹300 प्रति शीशी में बेचकर अवैध लाभ कमाता था।
थाना ताला पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 327/25, धारा 8, 21, 22 NDPS Act एवं 6/13 ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे अन्य विक्रेताओं की जानकारी प्राप्त की जा सके।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:
थाना प्रभारी ताला पुलिस
विवेचक अधिकारी व टीम सदस्य
जेसीबी ऑपरेटर की सतर्क भूमिका
Back to top button