मुस्कान विशेष अभियान : 200 छात्राओं को केसीएस स्कूल में पढ़ाया गया सुरक्षा का पाठ, महिला पुलिस ने अभियान चलाकर किया जागरूक

कटनी, यशभारत । पूरे नवंबर माह में पुलिस विभाग द्वारा मुस्कान विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य गुमशुदा नाबालिग बालिकाओं की अधिक से अधिक दस्तयाबी सुनिश्चित करना तथा विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, सायबर अपराध एवं सामाजिक दुष्प्रवृत्तियों से बचाव हेतु जागरूक करना है। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, उपपुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा शाखा श्रीमति ऊषा राय के मार्गदर्शन में महिला थाना पुलिस व्दारा आयोजित किया गया। इसी क्रम में आज के.सी.एस. स्कूल कटनी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 06 से 12 तक की 200 बालिकाओं को “गुड टच – बैड टच” की जानकारी के साथ ही बाल विवाह, पॉक्सो अधिनियम, सायबर अपराध, सोशल मीडिया पर अनुचित सामग्री साझा करने के दुष्परिणाम एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया गया। कार्यक्रम में उनि. मेघा मिश्रा महिला थाना कटनी ने बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या या शोषण की स्थिति में डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1090 तथा बाल सहायता हेल्पलाइन 1098 पर तत्काल संपर्क करने की जानकारी दी। अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रतिदिन ऐसे ही कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों में आत्म-सुरक्षा की भावना विकसित हो तथा गुमशुदगी एवं लैंगिक अपराधों की घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।








