
भारतीय महिला क्रिकेट टीम द्वारा विश्व कप जीतने के बाद पूरे देश में हर्ष की लहर दौड़ गई। संस्कारधानी जबलपुर में भी लोगों ने इस गौरवशाली उपलब्धि का उत्सव जोश और उमंग के साथ मनाया।
शहर के मुख्य राइट टाउन, रसूलिया, मालवीय चौक, घमापुर चौक, दमोह नाका, अधारताल, सिविक सेंटर और गोलबाजार जैसे प्रमुख चौराहों पर सैकड़ों लोग तिरंगे झंडे लेकर सड़कों पर उतर आए। जगह-जगह ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवा नाचते-गाते दिखे, तो बच्चों और महिलाओं ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की।
सिविक सेंटर चौक पर युवाओं ने आतिशबाज़ी की और महिला टीम के नाम जयकारे लगाए। वहीं हनुमानताल और गोरखपुर क्षेत्र में मोहल्ला स्तर पर जुलूस निकाले गए।
नागरिकों ने कहा कि महिला टीम ने भारत का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है। यह जीत सिर्फ एक खेल की नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण की पहचान बन गई है। जबलपुरवासियों ने कहा — “ये जीत हर भारतीय बेटी के सपनों की जीत है।”







