देश

थप्पड़कांड से मचा बाबल : पीड़ित ने सांसद समर्थकों पर अपहरण का आरोप लगाया, कांग्रेस ने दी सड़कों पर उतरने की चेतावनी

Table of Contents

सतना lसतना के चर्चित ‘थप्पड़कांड’ मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के दौरान सांसद गणेश सिंह द्वारा नगर निगम कर्मचारी गणेश कुशवाहा को थप्पड़ मारने की घटना के बाद अब पीड़ित ने अज्ञात लोगों पर अपहरण कर जबरन बयान दिलवाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष व विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, नगर निगम कर्मचारी और पीड़ित गणेश कुशवाहा अपने परिवार के साथ कोलगवां थाने पहुंचे। वहां सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सांसद का यह व्यवहार एक शासकीय कर्मचारी का सार्वजनिक अपमान है, जो कानूनन अपराध है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।

पत्नी ने लगाई सुरक्षा की गुहार

पीड़ित की पत्नी फूलमती कुशवाहा ने पुलिस को आवेदन देकर कहा है कि परिवार को जान का खतरा है। उन्होंने पति के अपहरण और दबाव में बयान दिलवाए जाने की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की है।

राजनीतिक घमासान तेज

इधर, मामला तूल पकड़ता देख कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने सीएसपी डीपी सिंह चौहान को फोन पर धमकाते हुए कहा कि अगर सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो वे 50 हजार लोगों के साथ सतना पहुंचेंगे। इस दौरान की फोन बातचीत का वीडियो भी वायरल हो गया है।

सीएसपी डीपी सिंह ने जवाब में कहा कि मामला गंभीर है और जांच की जा रही है। बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत जांच के लिए 15 दिन का समय निर्धारित है।

दूसरी ओर, वीडियो के वायरल होते ही भाजपा भी सक्रिय हो गई है और कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगा रही है। इस पूरे विवाद के चलते सतना शहर में ‘थप्पड़कांड’ चर्चा का मुद्दा बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button