मध्यप्रदेश: ‘कार्बाइड गन’ से 300 से ज़्यादा बच्चे-युवा घायल, भोपाल में बैन; डिप्टी सीएम ने किया दौरा

भोपाल यश भारत। दीपावली पर इस्तेमाल की गई देसी पटाखा गन, जिसे ‘कार्बाइड गन’ कहा जाता है, ने पूरे मध्यप्रदेश में विकराल रूप ले लिया है। इस खतरनाक आतिशबाजी से राज्य भर में लगभग 300 लोग घायल हुए हैं, जिनमें अधिकतर बच्चे और युवा शामिल हैं। अकेले भोपाल में 186 लोग घायल हुए हैं, जिनका शहर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
घायलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए, जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार्बाइड गन के निर्माण, खरीदी और विक्रय पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया है।
भोपाल में 186 घायल, 10 की आँखें गंभीर
राजधानी भोपाल में कार्बाइड गन के सबसे ज्यादा 186 मामले सामने आए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 15 लोगों का सर्जिकल इलाज किया जा रहा है, जबकि 10 मरीजों की आँखें गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
* अन्य प्रमुख शहरों में इंदौर में 11, ग्वालियर में 19 और उज्जैन में 15 मामले रिपोर्ट किए गए हैं।
* विदिशा में 50, सीहोर में 28, शिवपुरी में 10 और रायसेन में 3 मामले सामने आए हैं।
डिप्टी सीएम ने घायलों से मिलकर की मदद
शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने भोपाल स्थित हमीदिया चिकित्सालय पहुंचकर घायलों, खासकर बच्चों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को सर्वोत्तम चिकित्सकीय सुविधा सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ने चेतावनी दी कि अवैध पटाखा निर्माण या विस्फोटक सामग्री रखने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने दिए ₹5-5 हजार की सहायता, प्रतिबंधात्मक आदेश जारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संज्ञान लेने के बाद कलेक्टर भोपाल कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने भी हमीदिया अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने मरीजों को रेडक्रॉस के माध्यम से ₹5-5 हजार की आर्थिक सहायता मौके पर उपलब्ध कराई।
कलेक्टर ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए धारा 163 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के अंतर्गत कार्बाइड गन के प्रयोग पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। साथ ही समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर ऐसी गनों की जब्ती के निर्देश दिए हैं।
7 आरोपी गिरफ्तार, 268 गन जब्त
प्रशासन ने कार्बाइड गन बेचने वालों पर कार्रवाई तेज कर दी है।
* पुलिस ने भोपाल से कार्बाइड गन बेचने वाले 2 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम 1884 और 288 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। उनके पास से 10 किलो कार्बाइड और 4 पाइप गन जब्त की गईं।
* विदिशा में पुलिस ने समय पर एडवाइजरी जारी करने के बावजूद 50 बच्चे कार्बाइड गन से प्रभावित हुए। विदिशा में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 268 कार्बाइड गन बरामद की गई हैं।
* भोपाल पुलिस ने निरीक्षण के दौरान आनंद नगर, निशातपुरा, छोला, बैरसिया समेत अन्य क्षेत्रों से 55 कार्बाइड गन जब्त की हैं।
विदिशा एसडीएम क्षितिज शर्मा ने बताया कि अधिकांश बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि गंभीर रूप से घायल एक बच्चे का ऑपरेशन किया गया है, जिसकी हालत स्थिर है।







