बेटे ने की बुजुर्ग मां की बेरहमी से पिटाई, सिर फोड़ा; आरोपी फरार

बेटे ने की बुजुर्ग मां की बेरहमी से पिटाई, सिर फोड़ा; आरोपी फरार
भोपाल, यशभारत। राजधानी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे ने शराब के नशे में धुत होकर अपनी 67 वर्षीय बुजुर्ग मां, राम देवी, के साथ बेरहमी से मारपीट की। बेटे ने डंडे से मां के सिर और कंधे पर कई वार किए, जिससे उनका सिर फूट गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना छोला थाना इलाके में हुई, जहां 67 वर्षीय राम देवी रहती हैं। बुधवार को जब आरोपी बेटा शराब के नशे में घर आया, तो उसने अपनी मां पर हमला कर दिया। बेटे की बेरहमी से पिटाई के कारण मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस दौरान, बेटे ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। गनीमत रही कि घर में मौजूद एक किराएदार ने बीच-बचाव कर बुजुर्ग महिला की जान बचाई। घायल राम देवी को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
छोला मंदिर थाना पुलिस को घटना की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बुधवार को अस्पताल पहुंचकर पीड़ित राम देवी के बयान भी दर्ज किए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।







