किसानों को राहत राशि देने में कोई कमी नहीं करेंगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रदेश के 23.81 लाख से अधिक किसानों को 1802 करोड़ रुपए की राहत राशि वितरित

किसानों को राहत राशि देने में कोई कमी नहीं करेंगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रदेश के 23.81 लाख से अधिक किसानों को 1802 करोड़ रुपए की राहत राशि वितरित
अतिवृष्टि, बाढ़, पीला मौजेक, कीट व्याधि से प्रभावित फसलों और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को मिली राहत
जबलपुर / भोपाल।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि इस वर्ष अतिवृष्टि और बाढ़ से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में प्रदेश सरकार किसानों को राहत राशि देने में कोई कमी नहीं करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 23 लाख 81 हजार से अधिक प्रभावित किसानों को अब तक लगभग 1802 करोड़ रुपए की राहत राशि वितरित की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष 2023-24 में 758.62 करोड़ की राहत राशि वितरित की गई थी, जबकि इस वर्ष यह राशि बढ़कर 1802 करोड़ रुपए तक पहुँच गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में तीन गुना अधिक है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि किसानों को समय पर राहत राशि मिले ताकि वे आने वाले रबी सीजन की तैयारी कर सकें। उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि, बाढ़, ओलावृष्टि, कीट व्याधि एवं प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 की खरीफ फसलों के लिए अब तक 660.57 करोड़ रुपए की राशि वितरित की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए फसल बीमा, ब्याज मुक्त कृषि ऋण, समर्थन मूल्य पर खरीद और पशुधन सहायता योजनाओं को भी प्रभावी रूप से लागू किया है। सरकार किसानों की हर संभव मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा —
किसानों के कठिन समय में सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी है। राहत वितरण से लेकर फसल बीमा तक, हर कदम पर किसानों को संबल देने का प्रयास किया जा रहा है।”उन्होंने कहा कि सरकार ने अतिवृष्टि, बाढ़ और कीट व्याधि से प्रभावित फसलों के लिए 178.45 करोड़ रुपए की अतिरिक्त सहायता भी स्वीकृत की है।
मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की है कि वे राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय पर राहत पहुंचाई जा सके।







