नकली सोना देकर ठगी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

नकली सोना देकर ठगी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी में नकली सोना देकर लोगों को ठगने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का निशातपुरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी गई नकदी 62,000/- रुपये और नकली सोने की ईंटें/पुतलियां बरामद की हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी विकास सोनी और उनके बहनोई सुरेश सोनी को आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से झांसे में लिया। पहले आरोपियों ने नकली सोने की पुतली दिखाकर दोनों को भोपाल से बैतूल ले जाकर ₹1,40,000/- की ठगी की और उन्हें नकली सोने की पुतली थमा दी। जिसके बाद रुपये ऐंठने की नियत से आरोपियों ने फरियादी को सोने की ईंट देने का प्रलोभन दिया और पिपुल्स मॉल के सामने अमृततुल्य चाय की दुकान के पास बुलाया। और विकास सोनी को ईट दी जो संदिग्ध लगी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को धरदबोचा। जिनके नाम सोनू उईके (32) सुरेश उईके (32) घनश्याम राजपूत (38) उत्तम कुमार वर्मा (38) नरेश धुर्वे (42) है। सभी आरोपी भोपाल और छिंदवाड़ा क्षेत्र के निवासी हैं।






