भोपालमध्य प्रदेश

आत्मनिर्भर भारत ही विकसित भारत का संकल्प करेगा साकार: अरुण सिंह

आत्मनिर्भर भारत ही विकसित भारत का संकल्प करेगा साकार: अरुण सिंह

कांग्रेस ने नहीं की इन्फ्रास्ट्रक्चर की चिंता, मोदी सरकार प्रतिवर्ष ₹12 लाख करोड़ कर रही खर्च

भोपाल, यशभारत। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव, सांसद और आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के राष्ट्रीय संयोजक अरुण सिंह ने मंगलवार को भोपाल में आयोजित पत्रकार-वार्ता में दो टूक शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आत्मनिर्भर भारत ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का एकमात्र रास्ता है। उन्होंने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर देश के इन्फ्रास्ट्रक्चर, अर्थव्यवस्था और एक्सपोर्ट की चिंता न करने का गंभीर आरोप लगाया।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार-वार्ता में सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर ‘स्वदेशी’ का यह अभियान देश भर में एक जनआंदोलन का रूप ले रहा है, जिसे पार्टी कार्यकर्ता समाज के साथ मिलकर आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश ही आत्मनिर्भर भारत का मजबूत स्तंभ है और डबल इंजन सरकारों से यह संकल्प पूरी तरह साकार होगा।

कांग्रेस शासन में इंफ्रास्ट्रक्चर उपेक्षित:

सिंह ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस की सरकारों ने लंबे समय तक शासन किया, लेकिन उन्होंने देश के इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास के बारे में नहीं सोचा। उन्होंने तुलना करते हुए बताया कि यूपीए सरकार के समय देश में इन्फ्रास्ट्रक्चर पर जहां महज़ ₹2.5 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाते थे, वहीं प्रधानमंत्री मोदी की सरकार आज हर साल ₹12 लाख करोड़ रुपये खर्च कर रही है, ताकि देश का इन्फ्रास्ट्रक्चर विश्वस्तरीय बन सके।

आत्मनिर्भरता के दिखने लगे परिणाम:

भाजपा राष्ट्रीय महासचिव ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों के परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं:

भारत जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा।

मेक फॉर द वर्ल्ड के आह्वान के चलते भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता है।

रक्षा क्षेत्र में देश गोला-बारूद, बुलेटप्रूफ जैकेट, राइफल और आकाश तथा ब्रह्मोस जैसी मिसाइलें स्वयं बना रहा है और दुनिया को निर्यात कर रहा है।

दशकों तक उपेक्षित रहे सेमीकंडक्टर उत्पादन के लिए देश में छह यूनिटें स्थापित हो रही हैं।

यूपीआई आज दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल प्लेटफॉर्म बन चुका है, जिसने डिजिटल इंडिया के संकल्प को मजबूत किया है।

डबल इंजन से विकास के रास्ते पर दौड़ता मध्यप्रदेश:

अरुण सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की डबल इंजन सरकार मध्यप्रदेश को तेजी से विकास के रास्ते पर आगे ले जा रही है। उन्होंने प्रमुख विकास परियोजनाओं का उल्लेख किया:

नर्मदा विकास पथ, चंबल एक्सप्रेस वे, विंध्य एक्सप्रेस वे जैसी परियोजनाएं लागू की गई हैं।

ओंकारेश्वर में दुनिया का सबसे बड़ा फ्लोटिंग सोलर प्लांट लग रहा है।

₹44,600 करोड़ की केन-बेतवा लिंक परियोजना पर काम जारी है।

किसानों के हित में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भावांतर योजना लागू करने पर उन्होंने अभिनंदन किया।

प्रदेश में करीब ₹30 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे लगभग 23 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।

महाकाल लोक की तर्ज पर प्रदेश में 11 नए सांस्कृतिक केंद्रों का विकास किया जा रहा है।

अंत में, सिंह ने प्रदेश संगठन की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में चल रहा ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ अभियान उत्कृष्ट है। उन्होंने विश्वास जताया कि मध्यप्रदेश का पार्टी संगठन भविष्य में भी देश के सभी राज्यों में नं.-1 ही रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button