पिस्टल, दो मैगजीन और एक कारतूस सहित दो गिरफ्तार

जबलपुर यशभारत। अवैध हथियारों की धरपकड़ के अभियान के तहत ग्वारीघाट थाना पुलिस ने दो आरोपियों को फायर आर्म्स सहित रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर की गई।
थाना प्रभारी ग्वारीघाट सुभाषचंद बघेल ने बताया कि चार अक्टूबर की रात को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति सिद्धघाट के पास अवैध हथियारों के साथ घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर तत्काल पुलिस टीम ने दबिश दी।
मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार दो संदिग्ध व्यक्ति मौके पर नजर आए, जो पुलिस को देख भागने लगे। घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम स्वप्निल सिंह परिहार उर्फ अंशुल, उम्र 31 वर्ष, निवासी पटेल नगर, इंद्रलोक कॉलोनी, महाराजपुर अधारताल एवं अमन ठाकुर, उम्र 26 वर्ष, निवासी छोटा साईं मंदिर, जवाहर नगर, अधारताल बताये गए हैं।
तलाशी के दौरान अमन की कमर से एक पिस्टल बरामद हुई वहीं स्वप्निल के पास से एक मैगजीन, जिसमें एक जिंदा कारतूस मिला।कुल मिलाकर 1 पिस्टल, 2 मैगजीन और 1 कारतूस जब्त किए गए।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से तीन-तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
वर्तमान में आरोपियों के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि जब्त शस्त्र और कारतूस कहां से और कैसे प्राप्त किए गये।
इस सफलता में प्रधान आरक्षक सैयद रिजवी, आरक्षक संजय और आरक्षक शक्ति की उल्लेखनीय भूमिका रही।






