मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया बदनावर में प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों का निरीक्षण

यश भारत, भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने गुरुवार को धार जिले के बदनावर स्थित ग्राम भैंसोला का दौरा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 17 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों और राज्य शासन के मंत्रियों के साथ एक बैठक भी की।
पीएम मित्रा पार्क से बदलेगी तस्वीर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन मध्यप्रदेश में मनाना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तैयारियों में जुट जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पीएम मित्रा पार्क से आदिवासी क्षेत्रों में विकास के नए द्वार खुलेंगे और समृद्धि आएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पीएम मित्रा पार्क के भूमिपूजन के बाद पूरे प्रदेश की तस्वीर बदलने वाली है।
खंडेलवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री अपने जन्मदिन पर आदिवासी क्षेत्र को पीएम मित्रा पार्क के रूप में एक बड़ी सौगात देने आ रहे हैं, जो प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के ऐतिहासिक स्वागत के लिए पूरी मेहनत से काम करने का आह्वान किया।
सेवा पखवाड़े के साथ स्वागत की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से लेकर महात्मा गांधी की जयंती (2 अक्टूबर) तक सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा पखवाड़े की गतिविधियों के साथ-साथ प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियों में जुटने को कहा। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान की शुरुआत भी भैंसोला से करेंगे, जिसका सीधा प्रसारण पूरे देश में किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि धार के साथ-साथ निकटवर्ती जिलों में भी बैठकें आयोजित की जाएं ताकि अधिक से अधिक लोग इस कार्यक्रम में शामिल हो सकें। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने पर जोर दिया ताकि सभी इस आयोजन से जुड़ सकें।







