भादों बिदाई की बेला में आंकड़ा 42 इंच के पार, बरगी बांध के 10 गेट बंद

जबलपुर यश भारत। भादो का महीना बारिश और त्योहारों को लेकर काफी महत्वपूर्ण होता है और अब यह महीना बीतने को है। शनिवार अनंत चतुर्दशी के बाद रविवार को पूर्णिमा और भादो का समापन। इस महीने में जहां अनेक त्यौहार पडते हैं। और इस महीने का अंतिम पर्व गणित उत्सव चल रहा है जिसका शनिवार को समापन है। यह महीना अच्छी वर्षा के लिए भी जाना जाता है लेकिन इस बार सावन की तुलना में भादों में कम वर्षा हुई है। यदि इस महीने को सिर्फ बारिश के हिसाब से देखें तो शुक्रवार शाम तक बारिश का आंकड़ा 42 इंच को पार तो कर चुका था लेकिन यह औसत से कम है। गत वर्ष की तुलना में भी करीब 2 इंच पीछे बारिश चल रही है। हालाकी अभी 2 दिन बाकी है और स्थानीय मौसम कार्यालय प्रभारी डी के तिवारी के द्वारा बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। यदि आने वाली दो दिनों में अच्छी बारिश हो जाती है तो आंकड़ा औसत को छू भी सकता है। हाला की वर्षाकाल के अभी 25 दिन बाकी हैं और जिस तरह की संभावनाएं दिख रही हैं उसके मुताबिक बारिश का आंकड़ा औसत बारिश तक तो आसानी से पहुंच जाएगा और बढ़ भी सकता है। शुक्रवार सुबह को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 23.4 आद्रता 87% रही।जबकि कुल वर्षा का आंकड़ा 1078.8 मिली मीटर पर रहा जबकि गत वर्ष आज की तारीख में अधिकतम तापमान 32.5 और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि आज की तारीख तक 1117.7 मिली मीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी थी जो इस वर्ष की तुलना में अधिक थी।
बंद किए गए बांध के गेट
बारिश का क्रम थमने और कैचमेंट एरिया से से पानी की आवक कम होने के बाद बरगी बांध के 15 में से 10 गेट शुक्रवार दोपहर 2:00 बजे बंद कर दिए गए हैं। कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह के अनुसार जिस तरह से पानी की आवक कम हो रही है उसे देखते हुए रात में या शनिवार सुबह और गेट भी बंद किये जा सकते हैं।







