पुराने विवाद को लेकर सिहोरा में गोली चलने से हड़कंप
घायल जबलपुर में भर्ती, हालत गंभीर

जबलपुर यशभारत। बीती रात सिहोरा थाना क्षेत्र के गौरैया मोहल्ला में पुराने विवाद को लेकर एक बदमाश को खितौला निवासी एक युवक ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।देर रात गोली चलने की घटना से हड़कंप मच गया। इस संबंध में सिहोरा थाना प्रभारी ने बताया कि 30 वर्षीय अस्सू उर्फ आशीष विश्वकर्मा निवासी कटनी हाल मुकाम सिहोरा आदतन अपराधी है। जिसका खितौला निवासी दीपक पटेल से किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था बीती रात इन दोनों में फिर गाली गलौज हुई और दीपक ने उसके ऊपर गोली दाग दी। पुलिस के मुताबिक आशीष विश्वकर्मा को एक गोली कमरे एवं दूसरी हाथ में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया वहीं घायल को उपचार के लिए जबलपुर के एक निजी अस्पताल उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक उक्त वारदात रात करीब 2:30 बजे की बताई जाती है। रात को हुई इस घटना की जानकारी जैसे ही लोगों को लगी तो हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। आज सुबह परिजनों व स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया। उक्त सूचना मिलते ही सिहोरा थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है की प्रारंभिक तौर पर यह मामला आपसी रंजिश से जुड़ा हो सकता है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।फिलहाल पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।







