भोपाल

पेंट कंपनी के सेल्स ऑफिसर ने किया 8 लाख रूपए का गबन -आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज

पेंट कंपनी के सेल्स ऑफिसर ने किया 8 लाख रूपए का गबन
-आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
नर्मदापुरम रोड स्थित एक पेंट बनाने वाली कंपनी को उसी के सेल्स ऑफिसर ने करीब आठ लाख रूपए से ज्यादा का चूना लगा दिया। माल की डिलिवरी से लेकर पेमेंट वसूलने के दौरान आरोपी ने कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटरों से अपने खाते में रकम जमा कराता रहा। फिर अचानक रिजाइन देकर दूसरी कंपनी ज्वाइन कर ली। लेजर बुक में हिसाब-किताब देखने के बाद गबन की जानकारी मिली। पुलिस ने कंपनी के डॉयरेक्टर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है।
एएसआई वीरमणी पांडे ने बताया कि कोटरा सुल्तानाबाद निवासी हिमांशु शर्मा पुत्र रामसजीवन शर्मा(24) वॉलटेक पेंट कंपनी के डॉयरेक्टर हैं और विद्या नगर में उनका ऑफिस है। करीब दो साल से बालाघाट निवासी पंकज चौकसे उनकी कंपनी में बतौर सेल्स ऑफिसर का काम कर रहा था। पंकज कंपनी का माल डिस्ट्रीब्यूटरों तक पहुंचाने और उनसे पेमेंट लेने का भी काम देखता था। इस दौरान उसने कंपनी से जुड़े नए डिस्ट्रीब्यूटरों को माल सप्लाई किया और फिर अपने खाते में पेमेंट ट्रांसफर करा लिया, चूंकि कंपनी से जुड़े पुराने डिस्ट्रीब्यूटर सीधे कंपनी के खाते में पेमेंट जमा करते थे, इसलिए आरोपी पंकज चौकसे ने नए डिस्ट्रीब्यूटरों को चुना और इसी साल जनवरी से अप्रैल माह के बीच नगदी ढाई लाख रूपए समेत करीब आठ लाख रूपए से ज्यादा का गबन कर दिया। इसके बाद आरोपी ने अप्रैल माह में कंपनी से रिजाइन कर दिया और दूसरी कंपनी में नौकरी ज्वाइन कर ली। सेल्स ऑफिसर के नौकरी छोडऩे के बाद जब कंपनी के डॉयरेक्टर ने लेजर बुक से ड्यू पेमेंट की जानकारी जुटाई तो गबन का पता चला। इस संबंध में कंपनी के डॉयरेक्टर ने एक लिखित शिकायत की थी। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने कल आरोपी पंकज चौकसे के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button