एमसीसी की वेबसाइट पर पासिंग मार्क और रैंक बदल कर एम्स में दाखिला लेने पहुंचा छात्र -रजिस्ट्रार ऑफिस में दस्तावेजों की जांच में सामने आया फर्जीबाड़ा

एमसीसी की वेबसाइट पर पासिंग मार्क और रैंक बदल कर एम्स में दाखिला लेने पहुंचा छात्र
-रजिस्ट्रार ऑफिस में दस्तावेजों की जांच में सामने आया फर्जीबाड़ा, आरोपी छात्र के खिलाफ केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
उत्तर प्रदेश का एक छात्र बारहवीं की परीक्षा पास करने के बाद डॉक्टर बनना चाहता था, लेकिन कई बार नीट की परीक्षा देने के बाद भी उसकी अच्छी रैंक नहीं आ रही थी, इस कारण उसने एम्स भोपाल में मेडिकल की पढ़ाई करने के लिए एमसीसी की वेबसाइट पर अपनी रैंक व पासिंग मार्क में फेरबदल कर खुद ही अलॉटमेंट लेटर जारी कर लिया। जब वह एम्स भोपाल में दाखिला लेने पहुंंचा तो उसके दस्तावेजों की जांच की गई, जो फर्जी पाए गए। इस संबंध में एम्स रजिस्ट्रार ऑफिस के सहायक क्लक ने बागसेवनिया थाना में शिकायत की गई थी। जिस पर पुलिस ने धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
एसआई हेमराज कुमरे ने बताया कि ग्राम किशनपुर थाना राजपुर कानपुर उत्तर प्रदेश निवासी लवकुश प्रजापति पुत्र मुकता प्रसाद(22) ने वर्ष 2021 में 12वीं की परीक्षा पास की थी। इसके बाद उसने नीट की तैयारी करना शुरू कर दिया। वर्ष 2021 के बाद उसने 2022, 2023 और वर्ष 2024 में नीट की परीक्षा दी थी, लेकिन हर वार वह असफल रहा। उसके नीट की परीक्षा में अच्छे नंबर आए और रैंक नहीं आई। लेकिन वह हर कीमत पर मेडिकल की पढ़ाई कर डॉक्टर बनना चाहता था। लेकिन नीट की परीक्षा में उसकी अच्छी रैंक नहीं आने से किसी भी मेडिकल कॉलेज में दाखिला नहीं मिल रहा था। इस कारण उसने हाल ही में एम्स भोपाल में दाखिला लेने के लिए मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) इंडिया की वेबसाइट पर जाकर अपना रोल नंबर बदला इसके साथ ही नीट की परीक्षा में प्राप्त अंकों को बदल कर 630 अंक और रैंक बदल ली। इसके बाद छात्र ने वेबसाइट से एम्स भोपाल में दाखिला लेने के लिए अलॉटमेंट लेटर भी जारी कर लिया। सभी फर्जी दस्तावेज लेकर वह विरार मुंबई से 25 अगस्त को भोपाल पहुंचा और एम्स के रजिस्ट्रार ऑफिस में दस्तावेज जमा करा दिए। रजिस्ट्रार ऑफिस में छात्र लवकुश प्रजापति के दस्तावेजों की जांच की गई तो पता चला कि उक्त रोल नंबर एक छात्र का भुवनेश्वर मेडिकल कॉलेेज में दाखिला हो चुका है। इसके बाद एम्स रजिस्ट्रार ऑफिस के सहायक क्लक प्रशांत कुमार मिश्रा ने लिखित शिकायत की थी। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने कल आरोपी छात्र लवकुश प्रजापति के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।







